Saturday, February 21, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

महाशिवरात्रि एवं होली के त्योहार के अवसर पर शांति व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सदभाव बनाए रखने के सम्बन्ध में पीस कमेटी की बैठक हुई सम्पन्न

 

बरेली, 21 फरवरी। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की उपस्थिति में कल महाशिवरात्रि, होली के पर्व एवं रमजान माह में शांति व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के संबंध में जनपद के गणमान्य व्यक्तियों एवं पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पीस कमेटी की बैठक विकास भवन स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में विभिन्न तहसीलों से आये गणमान्य व्यक्तियों से उक्त पर्वों को लेकर उनके क्षेत्र में समस्याओं के बारे में जानकारी ली गयी, जिसके अन्तर्गत लोगों ने मार्ग दुरूस्त कराने, साफ-सफाई, ढीले विद्युत तारों को ठीक कराने, अतिक्रमण हटवाने जैसी समस्याओं के बारे में जानकारी दी गयी तदनुरूप सम्बंधित अधिकारियों को यथाशीघ्र समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि के पर्व पर विभिन्न क्षेत्रों में शोभायात्राएं निकलती हैं व मेले आयोजित होते हैं। अतः जहां-जहां मेला लगता है या शोभायात्राएं निकलती हैं उन मार्गों पर गड्ढे, जलभराव, बिजली के तार आदि का लटकना, साफ-सफाई व्यवस्था आदि का निरीक्षण कर पूर्व से व्यवस्थाएं दुरूस्त करा ली जाएं। अग्निशमन विभाग को निर्देश दिए गए कि मेला स्थलों आदि पर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही देख लें। होलिका दहन स्थलों का भी विशेष ध्यान रखा जाए, होलिका सुरक्षा समिति का गठन किया जाए। होली वाले दिन जुमे की नमाज भी है तो ऐसे में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्देश दिए गए कि महाशिवरात्रि पर मंदिरों पर भीड़ को व्यवस्थित करने हेतु बैरिकेटिंग आदि करा लिया जाए, मंदिरो में श्रद्धालुओं को आने-आने जाने के लिए अलग-अलग द्वार बनाए जाएं। ड्यूटी लगाते हुए ध्यान रखें कि एक ही व्यक्ति की एक ही समय पर अलग-अलग दो स्थानों पर ड्यूटी ना लगायी जाए। पूर्व में जहां-जहां घटनाएं हुई हैं वहां के लोगों से पहले से बात कर लें और उसका निस्तारण भी करा लें। आगामी त्योहारों में यदि कोई जानबूझकर माहौल खराब करने का प्रयास करता है ऐसे लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि बोर्ड परीक्षा, महाशिवरात्रि, होली, जुमे की नमाज, अलविदा की नमाज व उसके बाद ईद को सकुशल सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से यह बुलायी गयी है। आगामी सभी त्योहार भली प्रकार से सम्पन्न हो यह हम सबकी जिम्मेदारी है। बैठक में पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि क्षेत्रीय भ्रमण अपनी गाड़ी से नहीं बल्कि पैदल क्षेत्र के स्थानीय लोगों के साथ करें और उनसे फीडबैक भी लें। रास्ते में मैनहोल, लटकते विद्युत तार, धार्मिक स्थलों, खुले ट्रांसफार्मर आदि स्थलों पर भी पैनी नजर रखें, जिससे समय रहते उन कमियों को ठीक कराया जा सके।

बैठक में बताया गया कि निगरानी हेतु आमजन मानस की छतों पर भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगेगी और ड्रोन से भी निगरानी होगी ऐसे में यदि किसी की छत पर ईट-पत्थर रखें हो तो उसे हटवा दें अन्यथा की दशा में कार्यवाही होगी। किसी गांव में कोई शिव मंदिर है और वहां जल चढ़ता है तो उसकी जानकारी संबंधित थाने में जरूर नोट करा दें। बैठक में निर्देश दिए गए कि आगामी त्योहारों में अफवाहें ना फैलने पाये, अक्सर कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया पर पुरानी या कहीं और की वीडियो भेजकर महौल खराब करने का प्रयास करते हैं तो उन पर कठोर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि कोई भी व्यक्ति होली या अन्य त्योहार से सम्बंधित जानकारी/सूचना 0581-2990450 पर दें सकते हैं यदि व्यक्ति चाहे तो सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी देहात, समस्त ए0सी0एम0/उप जिलाधिकारी/पुलिस क्षेत्राधिकारी, पीस कमेटी के सदस्य सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------