कश्मीरी युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम अंतर्गत प्रतिभागियों ने किया बरेली दर्शन

बरेली , 11 फरवरी। माय भारत बरेली, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं गृह मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में वतन को जानो थीम पर आयोजित काश्मीरी युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत कश्मीर से आए युवा प्रतिभागियों ने पांचवे दिन बरेली जनपद के विभिन्न शैक्षणिक, ऐतिहासिक एवं व्यवसायिक महत्व के स्थलों का भ्रमण किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों ने सर्वप्रथम भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) का दौरा किया, जहाँ उन्होंने डियर पार्क, वन्य प्राणी उद्यान, एनाटॉमी विभाग तथा संग्रहालय (म्यूज़ियम) आदि स्थलों का अवलोकन किया। इस भ्रमण के दौरान युवाओं को पशु चिकित्सा विज्ञान, अनुसंधान गतिविधियों एवं जैव विविधता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं, जिससे उनके ज्ञान और जिज्ञासा में वृद्धि हुई।
इसके पश्चात प्रतिभागियों ने दरगाह आला हज़रत पर हाज़िरी लगाकर उसके ऐतिहासिक महत्व को समझा जहाँ उन्होंने बरेली की गंगा-जमुनी तहज़ीब, सांस्कृतिक सौहार्द व विरासत और धार्मिक सहिष्णुता का प्रत्यक्ष अनुभव किया।

कार्यक्रम के अगले चरण में युवाओं ने फीनिक्स मॉल, बरेली का भ्रमण किया, जहाँ उन्हें आधुनिक शहरी जीवनशैली, वाणिज्यिक गतिविधियों एवं मनोरंजन के साधनों से रूबरू होने का अवसर मिला।
यह युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम देश के विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं के बीच आपसी समझ, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल है। प्रतिभागियों ने इस अनुभव को अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बताया। इस अवसर पर माय भारत बरेली की उपनिदेशक पुष्पा सिंह, समाजसेवी भूपेंद्र सिंह, जिला युवा अधिकारी शिखर रस्तोगी, जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया, डॉ अनिल बिष्ट, डॉ छवि शर्मा, ज़हीर अहमद, नसीर अहमद, राज्य प्रशिक्षक अजय राज शर्मा, अमित तोमर, मोहित शर्मा, काजल, आलोक पटेल, तरुण कुशवाहा, शिवांग पटेल, परीनीता, खुशनाज़, लवी शर्मा समेत अन्य माय भारत स्वयंसेवक उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


