गोंडा में पाटेश्वरी शक्ति संवाद: महिलाओं की समस्याओं का मौके पर निस्तारण करने के निर्देश

गोंडा, 23 मार्च 2026: देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर सोमवार को आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील की अध्यक्षता में “मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आई सात महिलाओं ने अपनी व्यक्तिगत समस्याएं सीधे आयुक्त के समक्ष रखीं। आयुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।

रास्ता, पेंशन और भूमि विवाद के मामले उठे
ग्राम पिपरहवा की लक्ष्मी ने अपने आवागमन के रास्ते को अवरुद्ध किए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पूर्वजों के समय से इस्तेमाल हो रहे आबादी मार्ग को गांव के कुछ लोगों ने अपने खेत में मिला लिया है, जिससे उनका एकमात्र रास्ता बंद हो गया। उन्होंने प्रशासन से रास्ता खुलवाने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।
रूपईडीह के ग्राम भुड़कुड़ा की रामपियारी ने पति के निधन के बाद पारिवारिक आश्रित पेंशन न मिलने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक अभिलेख जमा होने के बावजूद दो वर्षों से पेंशन स्वीकृत नहीं हुई। आयुक्त ने अधिकारियों को शीघ्र पेंशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थाना कटरा बाजार क्षेत्र की निरमा सिंह ने अपने पुत्र ऋषभ सिंह की संदिग्ध मृत्यु की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है और पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही। आयुक्त ने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

ग्राम सेझिया की संजू केवट ने भूमि फर्जीवाड़े का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि उनके पिता के नाम दर्ज जमीन पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी रजिस्ट्री कराई गई और आरोपियों द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि सभी मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि पीड़ित महिलाओं को न्याय मिल सके। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और अपर आयुक्त मीनू राणा उपस्थित रहे और उन्होंने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
