रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण एवं 51वें स्थापना दिवस के अवसर पर खेल प्रतियोगिताएं संपन्न

बरेली ,13 फरवरी। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों का उत्साहवर्धक दौर जारी है। एक ओर जहां फैकल्टी एवं अशिक्षण (नॉन-टीचिंग) स्टाफ के लिए आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ, वहीं दूसरी ओर विश्वविद्यालय के 51वें स्थापना दिवस समारोह के तीसरे दिन पंडित दीनदयाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रोमांचक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
दोनों ही आयोजनों में माननीय कुलपति प्रोफेसर के. पी. सिंह के मार्गदर्शन में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वार्षिक खेल प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण:
विश्वविद्यालय स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि माननीय कुलपति महोदय रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ खेल सचिव के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक है। परीक्षा नियंत्रक महोदय ने स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क की अवधारणा पर बल देते हुए नियमित खेल गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि कुलपति महोदय ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा, “विश्वविद्यालय के खेल संसाधन सभी के लिए हैं। हमें दैनिक दिनचर्या में से समय निकालकर स्टेडियम में दौड़ लगानी चाहिए और जिम का उपयोग करना चाहिए।” उन्होंने विशेष रूप से खेल विशेषज्ञता रखने वाले शिक्षकों से आग्रह किया कि वे आगे आकर खेल समन्वयक की भूमिका निभाएं और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करें। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए सहभागिता और निरंतर प्रयास को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
स्थापना दिवस के तीसरे दिन खेल प्रतियोगिताएं:
इसी क्रम में विश्वविद्यालय के 51वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पंडित दीनदयाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दौड़, राइफल शूटिंग एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्रीड़ा सचिव प्रोफेसर एस. एस. बेदी एवं क्रीड़ा सचिव (परिसर) डॉ. नीरज कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया।
दौड़ प्रतियोगिता के परिणाम:
50 वर्ष से कम आयु वर्ग (पुरुष): 100 मीटर में प्रभात कुमार, 200 व 400 मीटर में रोहन ने बाजी मारी।
50 वर्ष से कम आयु वर्ग (महिला): 100 मीटर में आयुषी सक्सेना, 200 व 400 मीटर में अंबिका अग्रवाल अव्वल रहीं।
50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग (पुरुष): राजमणि यादव ने 100, 200 व 400 मीटर तीनों दूरी की दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग (महिला): चियाली चैन ने 100, 200 व 400 मीटर तीनों दूरी की दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।
अन्य प्रतियोगिताएं:
म्यूजिकल चेयर (महिला): श्रीमती चुन्नी देवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
राइफल शूटिंग (पुरुष): निखिल (30/50 अंक) प्रथम, डॉ. सुधाकर कुमार द्वितीय तथा अवधेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
राइफल शूटिंग (महिला): आफरीन मिर्जा (16/50 अंक) ने प्रथम, शुभमंजरी मिश्रा ने द्वितीय एवं डॉ. तृप्ति खरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सम्मान समारोह:
प्रतियोगिताओं के समापन के पश्चात क्रीड़ा विभाग के इंडोर हॉल में आयोजित समारोह में माननीय कुलपति महोदय, क्रीड़ा सचिव प्रो. एस. एस. बेदी एवं परीक्षा नियंत्रक श्री संजीव कुमार सिंह ने विजेताओं को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रो. जे. एन. मौर्या, उपकुलसचिव श्रीमती ममता सिंह, डॉ. विजय सिंहाल, डॉ. इंद्रप्रीत कौर, डॉ. इरम नईम, शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. सुरेश कुमार एवं अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिंह, कर्मचारी संघ के सदस्य, श्री मृदुल बत्रा, श्री धर्मेंद्र शर्मा, श्री आदर्श गंगवार सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण एवं तृतीय-चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपस्थित रहे।
दोनों ही आयोजनों ने विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह, एकता, सहयोग एवं सौहार्द की भावना को सुदृढ़ किया। कुलपति महोदय के आह्वान पर अब विश्वविद्यालय परिसर में नियमित खेल गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन हेतु विशेषज्ञ शिक्षकों के सक्रिय योगदान की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


