रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के प्रत्यक्ष प्रशासनिक नियंत्रण वाले संघटक महाविद्यालय सहसवान के छात्र रजनीश का UPPSC 2024 परीक्षा में चयन

बरेली,08 अप्रैल। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के प्रत्यक्ष प्रशासनिक अधीन संचालित संघटक राजकीय महाविद्यालय, सहसवान (बदायूं) के एम.ए. इतिहास के छात्र रजनीश कुमार ने UPPSC 2024 की परीक्षा में खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) पद पर चयन कर विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय दोनों को गौरवान्वित किया है।

गौरतलब है कि संघटक राजकीय महाविद्यालय सीधे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्य करते हैं, और इन महाविद्यालयों के छात्रों की उपलब्धियाँ विश्वविद्यालय के लिए विशेष गर्व का विषय होती हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गुरुदीप सिंह उप्पल ने रजनीश कुमार को प्रतीक चिन्ह भेंट कर महाविद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा:
“यह हमारे महाविद्यालय के लिए अत्यंत गर्व की बात है। जब कोई विद्यार्थी उन्नति करता है, तो वह उन्नति एक शिक्षक की भी होती है।”
प्राचार्य डॉ. उप्पल ने रजनीश के पिता श्री इन्द्रपाल सिंह को भी प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
रजनीश कुमार का संघर्ष और प्रेरणादायक सफलता :-
UPPSC 2024 में चयनित रजनीश कुमार ने बताया:-
“मेरे आगे बढ़ने में माता प्रवेश कुमारी, पिता इन्द्रपाल सिंह तथा महाविद्यालय के सभी शिक्षकों का आशीर्वाद व सहयोग रहा है। असफलताएँ ही जीवन को सफल बनाती हैं। वर्ष 2023 और 2024 में UPSC के 3 मेन्स और 2 इंटरव्यू देने के बाद, UPPSC की 5 अटेम्प्ट, 3 मेन्स और 1 इंटरव्यू के साथ बीडीओ पद पर चयन हुआ है।”
शिक्षकों एवं कर्मचारियों की बधाई:

रजनीश की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के सभी संकाय सदस्यों – डॉ. नवीन कुमार (इतिहास), डॉ. टेकचंद (राजनीति विज्ञान), डॉ. सौरभ नागर, डॉ. शुभ्रा माहेश्वरी, डॉ. रजनी गुप्ता, डॉ. पारुल अग्रवाल, डॉ. नीति सक्सेना, डॉ. शुभ्रा शुक्ला, डॉ. सुरजीत सिंह मौर्य, डॉ. सूर्य प्रताप गौतम, डॉ. ब्रह्मस्वरूप एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों मनोज कुमार, संदीप, रोदास व आशीष ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी तथा इसे महाविद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया।
कुलपति प्रो. के.पी. सिंह का बधाई संदेश:-
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने रजनीश कुमार की इस उपलब्धि पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा:
“रजनीश कुमार का UPPSC में बीडीओ पद पर चयन हमारे विश्वविद्यालय के प्रत्यक्ष प्रशासनिक नियंत्रण वाले संघटक महाविद्यालय, सहसवान के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यह सिद्ध करता है कि विश्वविद्यालय की संघटक इकाइयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन दिया जा रहा है। रजनीश की मेहनत, दृढ़ संकल्प और उनके असफलताओं से सीखने का जज़्बा वाकई प्रेरणादायक है। मैं उन्हें, उनके माता-पिता को तथा महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों को हृदय से बधाई देता हूँ। यह सफलता विश्वविद्यालय के अन्य छात्रों के लिए मार्गदर्शक है। रजनीश के उज्ज्वल भविष्य के लिए विश्वविद्यालय परिवार की शुभकामनाएँ उनके साथ हैं।”
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस अवसर पर पूरे महाविद्यालय परिवार को बधाई दी है।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
