जम्मू में शीतलहर से मिली राहत, तापमान 20 डिग्री के पार; कश्मीर में बर्फबारी जारी

श्रीनगर/जम्मू। तीन सप्ताह बाद जम्मू को कोहरे और शीतलहर के प्रकोप से राहत मिली है। शनिवार को दिनभर सूर्यदेव मेहरबान रहे, जिससे जनजीवन में कुछ सहजता लौट आई। तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो जनवरी में इस साल का अब तक का सबसे अधिक तापमान है और सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

कश्मीर में बर्फबारी और ठंड का असर
कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते सोनमर्ग, गुलमर्ग और अन्य ऊंचे पर्वतीय इलाकों में शनिवार को हल्की बर्फबारी हुई। तापमान लगातार जमाव बिंदु से नीचे रहने के कारण ठंड का असर कड़ा रहा। श्रीनगर और आसपास के अधिकांश इलाकों में सुबह कोहरा छाया रहा, जबकि दोपहर को हल्की धूप रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में घाटी के कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। गुलमर्ग और बीरवाह (बड़गाम) पूरे प्रदेश में सबसे ठंडे क्षेत्र रहे।
जम्मू और अन्य शहरों का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के अनुसार जम्मू का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। लंबे समय से ठंड और कोहरे से जूझ रहे लोगों ने तापमान में बढ़ोतरी के साथ राहत महसूस की। अन्य शहरों में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक रहा। बनिहाल में अधिकतम 16.5 और न्यूनतम 10.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि कटड़ा में अधिकतम 19.8 और न्यूनतम 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा। कश्मीर के शहरों में भी तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री ऊपर रहा।

श्रीनगर में अधिकतम तापमान 11.2 और न्यूनतम माइनस 3.2 डिग्री, काजीकुंड में अधिकतम 12.3 और न्यूनतम माइनस 3.4 डिग्री, पहलगाम में अधिकतम 11.6 और न्यूनतम माइनस 2.6 डिग्री तथा गुलमर्ग में अधिकतम 5.4 और न्यूनतम माइनस 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 26 जनवरी तक मौसम में आंशिक बदलाव बना रह सकता है।
यातायात और राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति
बीच-बीच में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावनाएं बनी हुई हैं। घाटी में जारी 40 दिवसीय चिल्ले कलां 31 जनवरी को समाप्त हो रहा है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार को दोनों तरफ वाहनों के लिए खुला रहा। यातायात अधिकारियों ने कहा कि मौसम साफ और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने पर रविवार को भी राजमार्ग पर दो-तरफा यातायात खुला रहेगा। उधमपुर और बनिहाल के बीच नल्ला, देवाल, नाशरी-दलवास और मारोग इलाकों में जाम की समस्या रही।

