महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर “प्राचीन ज्ञान परंपरा से विकसित भारत” का संकल्प

बरेली,28फरवरी। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के अनुसंधान निदेशालय (Directorate of Research), रुहेलखण्ड इन्क्यूबेशन फाउंडेशन (Rohilkhand Incubation Foundation) तथा बृज विज्ञान भारती के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन माननीय कुलपति प्रो. के.पी. सिंह के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की थीम “प्राचीन ज्ञान से आधुनिक विज्ञान तक : विकसित भारत की आधारशिला” निर्धारित की गई थी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. प्रवीण सिंह (प्रधान वैज्ञानिक) ने अपने उद्बोधन में भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक सर सी.वी. रमन के वैज्ञानिक अनुसंधान एवं खोजों के महत्व से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अवगत कराया। उन्होंने युवाओं को विज्ञान, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि श्री आशुतोष जी (क्षेत्र संगठन मंत्री, विज्ञान भारती) ने विज्ञान भारती द्वारा विज्ञान के प्रसार, भारतीय ज्ञान परंपरा के संवर्धन तथा युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने हेतु किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर महानगर के वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. योगेश जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान अनुसंधान निदेशालय एवं रोहिलखंड इन्क्यूबेशन फाउंडेशन द्वारा विश्वविद्यालय में विज्ञान, अनुसंधान, नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु संचालित विभिन्न गतिविधियों की भी जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. विकास जी ने पधारे हुए शिक्षाविदों, अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री आशुतोष जी एवं श्री राजपाल जी (सह-प्रांत कार्यवाह) की उपस्थिति में विभागीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें डॉ. प्रवीण सिंह को संभाग संयोजक, डॉ. रवि शरण सिंह को विद्यार्थी विज्ञान मंथन (VVM) राज्य समन्वयक, डॉ. सौरभ अग्रवाल को महानगर अध्यक्ष, डॉ. नवीन कुमार को महानगर सचिव, डॉ. जसपाल सिंह को नीड़ मिशन महानगर संयोजक, श्री आलोक जी को विभा-वाणी महानगर संयोजक तथा श्री रॉबिन कुमार को टेक फॉर सेवा महानगर संयोजक का दायित्व प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक के रूप में प्रो. यतेंद्र कुमार एवं प्रो. आलोक श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
