रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय ने नेचर इंडेक्स रैंकिंग 2026 में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की

बरेली,31मार्च।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय बरेली ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह के नेतृत्व में Nature Index Ranking 2026 में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय ने भारत में समग्र (Overall) श्रेणी में 168वां स्थान तथा शैक्षणिक प्रदर्शन (Academic Performance) में 137वां स्थान प्राप्त किया है। वैश्विक स्तर पर भी विश्वविद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समग्र श्रेणी में 4159वां स्थान और शैक्षणिक प्रदर्शन में 2442वां स्थान हासिल किया है।

इसके अतिरिक्त, भौतिक विज्ञान (Physical Science) अनुसंधान के क्षेत्र में भी विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। इस श्रेणी में रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय ने भारत में 93वां स्थान तथा वैश्विक स्तर पर 2135वां स्थान प्राप्त किया है।
Nature Index एक प्रतिष्ठित वैश्विक रैंकिंग है, जो प्राकृतिक एवं स्वास्थ्य विज्ञान के क्षेत्र में प्रकाशित उच्च गुणवत्ता वाले शोध लेखों के आधार पर संस्थानों का मूल्यांकन करती है। यह सूचकांक 145 चयनित अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित शोध को ट्रैक करता है, जिनका चयन स्वतंत्र शोधकर्ताओं के समूह द्वारा उनकी प्रतिष्ठा के आधार पर किया जाता है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि को संकाय सदस्यों, शोधार्थियों और छात्रों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की शोध गुणवत्ता, अकादमिक उत्कृष्टता और वैश्विक पहचान को और सुदृढ़ करती है।
विश्वविद्यालय भविष्य में भी उच्च गुणवत्ता वाले शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
