रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में पं. दीन दयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर विचार गोष्ठी आयोजित

बरेली, 12फरवरी। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ में भारत रत्न पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि के अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शोध पीठ के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
गोष्ठी में वक्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला। शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने उनके राष्ट्रवादी चिंतन तथा ‘एकात्म मानववाद’ की अवधारणा को रेखांकित करते हुए इसे वर्तमान सामाजिक-आर्थिक संदर्भ में अत्यंत प्रासंगिक बताया। वक्ताओं ने कहा कि पं. उपाध्याय का दर्शन भारत की मूल चेतना से जुड़ा हुआ है तथा समग्र मानव विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।
इस अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ के समन्वयक डॉ. सौरभ वर्मा, सह-समन्वयक विमल कुमार, डॉ. अमित वर्मा एवं रश्मिरंजन जी सहित पुष्पेन्द्र मौर्य तथा अनेक शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ विचार गोष्ठी का सफलतापूर्वक समापन किया गया।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सकसेना की रिपोर्ट


