गोंडा में एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू, छात्राओं ने ‘युवा शक्ति’ थीम पर दिए सामाजिक जागरूकता के संदेश

गोंडा। सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में सोमवार को सात दिवसीय विशेष शिविर की शुरुआत की गई। यह शिविर उपरहितनपुरवा स्थित महर्षि अरविन्द बाल शिक्षा मंदिर हायर सेकेंड्री स्कूल में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें छात्राएं विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संदेश देंगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ जानकी नगर के प्रधान शिव बहादुर पाण्डेय और महर्षि अरविन्द बाल शिक्षा मंदिर के प्रधानाचार्य शिव शंकर शुक्ल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया और कार्यक्रम को भक्ति एवं उत्साहपूर्ण माहौल में आगे बढ़ाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से छात्राओं ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान छात्रा सविता मक्कड़ ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद निशा यादव ने कविता पाठ किया, जबकि कशिश की टीम ने सामाजिक संदेश से जुड़ा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। श्रेया और श्रद्धा ने स्तुति प्रस्तुत की, वहीं सिमरन शुक्ला, कशिश, श्रद्धा और खुशी ने नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
पहले दिन ‘युवा शक्ति’ थीम पर चला अभियान

राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मौसमी सिंह और डॉ. नीतू सिंह ने बताया कि शिविर के पहले दिन छात्राओं ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाया। शिविर के प्रथम दिन की थीम ‘युवा शक्ति’ सामाजिक परिवर्तन की दिशा में रखी गई, जिसे राधा मिश्रा ने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन राधा मिश्रा और पूर्णिमा ने संयुक्त रूप से किया। बौद्धिक सत्र के दौरान महाविद्यालय के वाणिज्य प्रवक्ता राजेश मिश्रा ने आर्थिक विकास में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला और छात्राओं को समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव, व्यवस्थापिका डॉ. आनन्दिता रजत, श्रीमती रंजना बन्धु, डॉ. नीलम छाबड़ा, डॉ. हरप्रीत कौर, तन्वी जायसवाल, वंदना मिश्रा, रोली श्रीवास्तव, विजय प्रकाश श्रीवास्तव और दिनेश श्रीवास्तव सहित कई शिक्षक और छात्राएं मौजूद रहीं।
