विदेश

शबाना महमूद बन सकती हैं ब्रिटेन की पहली मुस्लिम प्रधानमंत्री, इमिग्रेंट्स की बेटी होकर भी इमिग्रेशन पर हैं हार्डलाइनर

नई दिल्ली : ब्रिटेन जबरदस्त राजनीतिक हलचल से गुजर रहा है. एपस्टीन फाइल के खुलासों ने पिछले पांच साल में पांच प्रधानमंत्री देख चुके यूनाइटेड किंगडम (UK) की सरकार को हिलाकर रख दिया है. राजनीतिक विश्लेषक बताते हैं कि यहां एक और प्रधानमंत्री (PM) का इस्तीफा हो सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक पीएम कीर स्टॉर्मर के सहयोगी लगातार इस्तीफा दे रहे हैं.

सोमवार को पीएम के कम्युनिकेशन डायरेक्टर टिम एलन ने इस्तीफा दे दिया है. इससे पहले स्टॉर्मर के चीफ ऑफ स्टाफ मॉर्गन मैकस्वीनी ने 8 फरवरी को इस्तीफा दे दिया था. ब्रिटेन के राजनीतिक गलियारों में अब उन नामों की भी चर्चा होने लगी हैं जो पीएम कीर स्टॉर्मर के इस्तीफा देने की स्थिति में देश के नए पीएम बन सकते हैं.

इन नामों में शबाना महमूद एक अहम नाम हैं. शबाना महमूद मौजूदा समय में ब्रिटेन की कद्दावर राजनेता हैं. वह वर्तमान में होम सेक्रेटरी (गृह मंत्री) के पद पर हैं. लेबर पार्टी की सीनियर लीडर हैं और हाल ही में ब्रिटिश राजनीति में कीर स्टॉर्मर के नेतृत्व पर संकट के बीच अगली प्रधानमंत्री बनने रेस में प्रमुख दावेदार के रूप में चर्चा में आई हैं. अगर वे पीएम बनीं, तो वे ब्रिटेन की पहली मुस्लिम प्रधानमंत्री बनेंगी, जो इस यूरोपीय देश के लिए ऐतिहासिक होगा.

शबाना महमूद मौजूदा पीएम कीर स्टॉर्मर की करीबी सहयोगी हैं. एक इमिग्रेंट्स की बेटी होने के बावजूद शबाना महमूद ब्रिटेन में इमिग्रेशन पर सख्त रुख रखती हैं. यही वजह है कि वह लेबर पार्टी के दक्षिणपंथियों की पसंद है. होम सेक्रेटरी के रूप में उन्होंने अनधिकृत इमिग्रेशन पर कड़ाई, बॉर्डर कंट्रोल सख्त करने और परमानेंट रेजिडेंसी के लिए योग्यता अवधि बढ़ाने (5 से 10 साल) जैसे कदम उठाए हैं. यही वजह है कि इमिग्रेंट्स की बेटी होने के बावजूद इस मुद्दे पर वह हार्डलाइनर के रूप में जानी जाती हैं.

इससे पहले न्याय मंत्री के रूप में उन्होंने जेल सुधार, सजा और ह्यूमन राइट्स पर काम किया. वे मार्गरेट थैचर और बेनजीर भुट्टो को अपनी प्रेरणा मानती हैं. शबाना महमूद का ताल्लुक पाक अधिकृत कश्मीर के मीरपुर से है. शबाना महमूद को स्टार्मर की करीबी, अनुभवी और स्थिर विकल्प माना जा रहा है.

हाल ही में एपस्टीन फाइल्स और पीटर मैंडेलसन से जुड़े विवाद ने कीयर स्टार्मर पर दबाव बढ़ाया है. लेबर पार्टी में असंतोष, इस्तीफे और कम अप्रूवल रेटिंग से लीडरशिप चेंज की अटकलें तेज हैं. अगर वह पीएम बनीं, तो यह ब्रिटेन में मुस्लिम प्रतिनिधित्व और डाइवर्सिटी के लिए बड़ा मील का पत्थर होगा.

शबाना महमूद के अलावा ब्रिटेन में पीएम की रेस में एंजेला रेनर, वेस स्ट्रीटिंग, एड मिलिबैंड और एंडी बर्नहम प्रमुख नाम है. एंजेला रेनर पूर्व डिप्टी प्राइम मिनिस्टर है और लेबर की डिप्टी लीडर रह चुकी हैं. वह पार्टी में काफी लोकप्रिय हैं.

वेस स्ट्रीटिंग वर्तमान हेल्थ सेक्रेटरी यानी कि स्वास्थ्य मंत्री हैं, वह अच्छे कम्युनिकेटर माने जाते हैं, और मीडिया में उनकी मजबूत छवि है. एड मिलिबैंड एनर्जी सेक्रेटरी (ऊर्जा मंत्री) हैं, एंडी बर्नहम ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर और पूर्व कैबिनेट मंत्री हैं. मिलिबैंड लोकप्रिय तो हैं लेकिन संसद सदस्य नहीं हैं.

---------------------------------------------------------------------------------------------------