श्रुति हासन ने 8 साल बाद खोली दिल की बात: एंजाइटी और एक्टिंग ब्रेक का सच

साउथ-बॉलीवुड की चर्चित एक्ट्रेस और सिंगर श्रुति हासन ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी और मेंटल हेल्थ को लेकर खुलासा किया है। कमल हासन और सारिका की बेटी श्रुति ने स्वीकार किया कि उन्होंने लंबे समय तक एंजाइटी झेली और 2018 में एक्टिंग से ब्रेक लेना पड़ा। इस दौरान उन्हें रोजमर्रा के कामों को संभालना भी मुश्किल हो रहा था।
कला और परिवार का असर
श्रुति हासन ने ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ को बताया कि उनका पालन-पोषण ऐसे घर में हुआ जहां कला और क्रिएटिविटी को हमेशा महत्व दिया गया। उन्होंने कहा, “मेरे माता-पिता कला की भाषा में पारंगत हैं। मैं अपनी प्राथमिकताओं पर फोकस करती हूं, लेकिन कई अन्य चीजों में भी हाथ आजमाती रहती हूं। परिवार ने हमेशा मुझे आगे बढ़ने के लिए सपोर्ट किया।”
2018 में एक्टिंग से लिया ब्रेक
श्रुति ने खुलासा किया कि 2018 में एक्टिंग से ब्रेक लेने की वजह उनके निजी रिश्ते और एक्स बॉयफ्रेंड के साथ ब्रेकअप थे। उस समय उनका नाम थिएटर एक्टर माइकल कोर्सेल से जुड़ रहा था, लेकिन जल्द ही दोनों अलग हो गए।
सेपरेशन से मिली सीख
ब्रेकअप के अनुभव को लेकर उन्होंने कहा, “सेपरेशन से मुझे सिर्फ अच्छा ही मिला। यह समय खुद को समझने और अपनी मेंटल हेल्थ पर ध्यान देने का था। मैं कई सालों से डिप्रेशन झेल रही थी, जिसकी वजह से रोजमर्रा के काम करना भी मुश्किल हो गया था।”

लंदन में अकेला समय और खुद की खोज
श्रुति ने अपने लंदन के अनुभव को याद करते हुए कहा, “मैं नहीं जानती थी कि मैं क्या खोज रही हूं और मैं कौन हूं। वहां अकेले रहते हुए म्यूजिक के जरिए खुद को खोजने का समय अद्भुत था। हर दिन अपने कपड़े खुद धोना, खाना बनाना, मेट्रो से म्यूजियम जाना और फिर दो घंटे बैठकर म्यूजिक लिखना—ये सब अनुभव मुझे कभी नहीं भूलेंगे।”
दूसरा ब्रेकअप
श्रुति ने माइकल के बाद चित्रकार शांतनु हजारिका को डेट किया, लेकिन साल 2024 में उनका भी ब्रेकअप हो गया। श्रुति ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि ये समय उन्हें मजबूत और समझदार बनाने वाला रहा।


