सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के शिष्टमंडल ने इंटीग्रल यूनिवर्सिटी का किया निरीक्षण

लखनऊ। सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के शिष्टमंडल ने आज अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ का दौरा किया। इस शिष्टमंडल की अध्यक्षता श्री गजेंद्र सिंह राठौड़ ने की। मंडल में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर अमेरिका सिंह, फेडरेशन के वाइस चेयरमैन श्री रमेश सिंह, गुरु वशिष्ठ अवार्डी एवं महासचिव श्री हरजिंदर सिंह बराड़, तथा मुख्य कोच इंद्रजीत सिंह, टेक्निकल कमेटी के अध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
शिष्टमंडल ने विश्वविद्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया, जिसमें ऑडिटोरियम, छात्रावास, एवं खेल मैदान शामिल थे। निरीक्षण के दौरान सभी सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पाई गईं। विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, छात्रों की सक्रिय भागीदारी और आधुनिक ढांचे को देखकर समिति के सदस्य अत्यंत प्रभावित हुए और विश्वविद्यालय प्रशासन की सराहना की।
यह उल्लेखनीय है कि इंटीग्रल यूनिवर्सिटी की स्थापना प्रख्यात शिक्षाविद् प्रोफेसर एस. डब्ल्यू. अख्तर द्वारा की गई थी। निरीक्षण के दौरान समिति ने विश्वविद्यालय के प्रोसीजर डॉ. नदीम से भेंट की, जिन्होंने अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराया।

फेडरेशन की टीम ने बताया कि आगामी वर्षों में राष्ट्रीय स्तर की सॉफ्ट हॉकी लीग आयोजित करने की योजना के तहत देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों का सर्वे किया जा रहा है। इस संदर्भ में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी को एक संभावित आयोजन स्थल के रूप में देखा जा रहा है।
सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट सुविधाओं और सहयोगी वातावरण के चलते लखनऊ में राष्ट्रीय लीग का सफल आयोजन संभव होगा।

