यूपी में स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच के लिए विशेष अभियान तेज, छुट्टी के दिन भी खुले रहेंगे परिवहन कार्यालय

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर प्रदेशभर में स्कूली वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव के पत्र संख्या 480/तीस-3-2026 दिनांक 24 मार्च 2026 के अनुपालन में 1 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक सभी जनपदों में व्यापक स्तर पर जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।

स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग का निर्णय
इस अभियान के तहत परिवहन विभाग द्वारा शुरू किए गए स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर सभी स्कूली वाहनों को अनिवार्य रूप से ऑनबोर्ड करने और उनका निरीक्षण कराने का फैसला लिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
11 और 12 अप्रैल को भी खुलेंगे कार्यालय

अभियान को गति देने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। 11 अप्रैल 2026 को द्वितीय शनिवार और 12 अप्रैल 2026 को रविवार के सार्वजनिक अवकाश के बावजूद परिवहन विभाग के कार्यालय सामान्य कार्य दिवसों की तरह खुले रहेंगे। इन दिनों में सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहकर स्कूली वाहनों का सत्यापन और ऑनबोर्डिंग कार्य पूरा करेंगे।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य को पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करें।
