Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

संभल में पंचायत का सख्त फरमान: बारात में देरी पर ₹5,000 प्रति घंटा जुर्माना, डीजे–भांगड़ा पूरी तरह बैन

संभल। उत्तर प्रदेश के संभल में शादियों में बढ़ते फिजूलखर्च और सामाजिक कुरीतियों पर लगाम लगाने के लिए मुस्लिम समाज की पंचायत ने कड़े फैसले लिए हैं। किदवई बिरादरी की इस पंचायत में कुल छह सख्त फरमान जारी किए गए हैं, जिनका उद्देश्य विवाह को सादा, अनुशासित और कम खर्चीला बनाना बताया गया है।

पंचायत के 6 प्रमुख नियम

  • शादी में केवल एक बार दावत दी जाएगी।
  • शादी से पहले लड़का–लड़की एक-दूसरे को मोबाइल नंबर नहीं देंगे
  • बारात का समय दोपहर 3 से 4 बजे के बीच तय किया गया है।
  • बारात तय समय से देर से पहुंची तो लड़का पक्ष पर ₹5,000 प्रति घंटा जुर्माना लगेगा।
  • शादी–बारात के मंडप में डीजे और भांगड़ा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
  • लड़की पक्ष द्वारा दिए गए सामान को दिखावे के लिए सजाकर प्रदर्शित नहीं किया जाएगा

नियम तोड़ने पर सख्त सजा

पंचायत ने साफ किया है कि इन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिरादरी के सदर सजा तय कर फैसला सुनाएंगे। पंचायत का कहना है कि इन कदमों से समाज में दिखावा घटेगा और गरीब–मध्यम वर्ग पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा।

समाज की भलाई का संदेश

गांव सैदसराय निवासी मोहम्मद नदीम ने बताया कि किदवई बिरादरी में शादियों को सादा और खर्च नियंत्रित बनाने की दिशा में यह एक अहम कदम है। उनके मुताबिक, पंचायत के ये फैसले अनुशासन, सादगी और समानता को बढ़ावा देने का मजबूत संदेश देते हैं और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी हैं।

पंचायत का मानना है कि यदि समाज सामूहिक रूप से इन नियमों का पालन करेगा, तो शादियों में अनावश्यक खर्च, दिखावा और सामाजिक दबाव अपने आप कम हो जाएगा।

---------------------------------------------------------------------------------------------------