रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के बीएचएमसीटी के छात्रों ने होटल रेडिसन, बरेली का औद्योगिक दौरा कर सीखे उद्योग के गुर

बरेली,08 अप्रैल। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के बीएचएमसीटी (बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी) पाठ्यक्रम के छात्रों ने कल अपने पाठ्यक्रम के भाग के रूप में होटल रेडिसन, बरेली का औद्योगिक दौरा किया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य छात्रों को होटल उद्योग के वास्तविक संचालन और प्रबंधन से परिचित कराना था।

होटल रेडिसन के मार्केटिंग एवं सेल्स निदेशक श्री संतोष पलाधी ने छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सेल्स, मार्केटिंग और गेस्ट रिलेशनशिप के महत्वपूर्ण पहलुओं पर व्यावहारिक जानकारी दी और उन्हें भविष्य के करियर के लिए प्रेरित किया।
इस शैक्षणिक दल का नेतृत्व विभाग की हेड एवं डीन प्रोफेसर (डॉ.) तुलिका सक्सेना ने किया। छात्रों के उचित मार्गदर्शन के लिए संस्थान के वरिष्ठ फैकल्टी सदस्य डॉ. हरीश चंद्र भट्ट, श्री पारस संतोषी, डॉ. हेमा वर्मा और मिस एकता सक्सेना भी साथ रहे। इन सभी फैकल्टी सदस्यों ने छात्रों को होटल के विभिन्न विभागों जैसे फ्रंट ऑफिस, कैटरिंग और हाउसकीपिंग की कार्यप्रणाली को गहराई से समझने में मदद की।
लगभग चार घंटे चले इस सत्र में छात्रों ने उद्योग के विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया और अपने तकनीकी प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। अंत में, डॉ. तुलिका सक्सेना ने श्री संतोष पलाधी और रेडिसन प्रबंधन का इस ज्ञानवर्धक अवसर के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कुलपति प्रो. के.पी. सिंह का संदेश

इस शैक्षणिक यात्रा की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने कहा:
“बीएचएमसीटी के छात्रों द्वारा होटल रेडिसन का यह औद्योगिक दौरा शिक्षा को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। मैं विभागाध्यक्ष प्रो. तुलिका सक्सेना और समस्त संकाय सदस्यों को इस सार्थक पहल के लिए बधाई देता हूँ। विश्वविद्यालय सदैव छात्रों को उद्योग के वास्तविक वातावरण से रूबरू कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुझे विश्वास है कि इस तरह के दौरे छात्रों के आत्मविश्वास एवं कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सभी छात्रों को हार्दिक शुभकामनाएँ।”
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए होटल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
