Featured NewsTop Newsउत्तर प्रदेश

गोंडा में TET अनिवार्यता के खिलाफ शिक्षकों का विरोध, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री समेत शीर्ष पदों को भेजा ज्ञापन

गोंडा जिले के मुजेहना ब्लॉक में सेवारत शिक्षकों के लिए TET अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों ने संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद की। अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के आह्वान पर शिक्षकों ने पोस्टकार्ड और ईमेल के माध्यम से देश के शीर्ष पदाधिकारियों को ज्ञापन भेजकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में हुआ आयोजन

इस अभियान का नेतृत्व उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह ने किया। उनके नेतृत्व में ब्लॉक मुजेहना के शिक्षकों ने संगठित रूप से इस पहल को आगे बढ़ाया और विभिन्न माध्यमों से अपनी मांग संबंधित उच्च स्तर तक पहुंचाई।

देश के शीर्ष नेतृत्व को भेजा गया संदेश

शिक्षकों ने महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और नेता प्रतिपक्ष को संबोधित करते हुए ज्ञापन प्रेषित किया। इस दौरान शिक्षकों ने अपने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन को ईमेल के माध्यम से भेजकर TET अनिवार्यता के विरोध में अपनी स्थिति स्पष्ट की।

कई शिक्षक और पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर जनपदीय उपाध्यक्ष राजीव कुमार, ब्लॉक संगठन मंत्री विजय कुमार, ब्लॉक उपाध्यक्ष भानु प्रकाश वर्मा सहित जनक राम वर्मा, अजीत वर्मा, शिवकुमार वर्मा, संजय कुमार और आशुतोष द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुद्दे को लेकर शिक्षकों में नाराजगी

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों में TET अनिवार्यता को लेकर असंतोष साफ देखने को मिला। शिक्षकों ने एकजुट होकर इस फैसले के खिलाफ अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे पुनर्विचार करने की मांग की।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------