राज्यलखनऊ

सुप्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा अभिनीत नाटक ‘हमारे राम’ ने श्री राम के जीवन की गहराइयों से परिचय कराया

  • अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव का संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया शुभारंभ
  • स्टोरी, क्विज, मैजिक शो, संवाद और रामलीला एवं राम वन गमन पथ प्रदर्शनी को दर्शकों ने सराहा

लखनऊ,: अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव के तहत पर्यटन विभाग और अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान, संस्कृति विभाग द्वारा  गोमतीनगर के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अभिनेता आशुतोष राणा अभिनीत महानाट्य ‘हमारे राम’ का मंचन ज्युपिटर हॉल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री  जयवीर सिंह ने किया। दर्शकों से भरे हाल में रावण के किरदार में आशुतोष राणा की संवाद अदायगी ने एक अलग ही अनुभव दिया। रामलीला एवं राम वन गमन पथ प्रदर्शनी, शबरी कथा, रामायण एवं वेद विज्ञान क्विज प्रतियोगिता, राम से राष्ट्र मैजिक शो, विश्वव्यापी श्री राम संवाद ने कई अनछुए पहलुओं को छुआ।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री  जयवीर सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव भारतीय संस्कृति और विरासत को संरक्षित एवं प्रचारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। श्रीराम के जीवन आदर्श, उनकी मर्यादा और धर्म पर आधारित शिक्षाएं न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में प्रासंगिक हैं। ऐसे आयोजनों से हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और रामायण के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा मिलती है।

‘ हमारे राम’ महानाट्य में रावण की भूमिका में अभिनेता आशुतोष राणा और राम की भूमिका में राहुल भुचर ने जान फूंक दी। हनुमान की भूमिका में दानिश अख्तर, भगवान शिव की भूमिका में तरूण खन्ना, माता सीता की भूमिका में हरलीन कौर और सूर्य देव की भूमिका में करण शर्मा ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। हमारे राम का निर्देशन गौरव भारद्वाज ने किया है। इस मौके पर प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन  मुकेश मेश्राम, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश  शील नागू, निदेशक संस्कृति  शिशिर सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

इससे पूर्व पूर्वाह्न 11:30 से स्टोरीमैन जितेश श्रीवास्तव, लखनऊ द्वारा शबरी की कथा सुनाई गई, जिसे दर्शकों ने सराहा। इसके बाद स्कूली बच्चों के बीच रामायण एवम् वेद विज्ञान क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें बच्चों ने रामायण एवम् वेद विज्ञान से जुड़े सवालों के जवाब दिए। श्री राम स्वरूप मेमोरियल पब्लिक स्कूल, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, सेंट जोसेफ स्कूल, बाल निकुंज कॉलेज और नवयुग पब्लिक स्कूल के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की अगली कड़ी में राम से राष्ट्र मैजिक शो जादूगर राकेश श्रीवास्तव, लखनऊ द्वारा दिखाया गया। जादूगर के हर जादू पर स्कूली बच्चों खूब तालियां बजीं। “विश्व स्तर पर रामलीला” और “राम वन गमन पथ” प्रदर्शनी ने भी लोगों का ध्यान खींचा।

‘ हमारे राम’ के एक वर्ष में हुए 160 मंचन
फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा अभिनीत महानाट्य ‘हमारे राम’ के बीते एक वर्ष में 11 से 12 राज्यों में 160 मंचन हो चुके हैं। शो से पूर्व विश्वव्यापी श्री राम संवाद के दौरान आशुतोष राणा ने यह जानकारी साझा की। इस दौरान उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के विराट व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए यह भी बताया कि भगवान श्री राम को देखना है तो रावण की दृष्टि चाहिए। कहा, परमात्मा श्री राम की कथा हमें जोड़ने का काम कर रही है और कथा तभी आनंद देती है, जब हमारी व्यथा समाप्त हो जाती है। जब परमात्मा हमारी व्यथा सुनते हैं तो वह कथा के रूप में प्रचलित हो जाती है। हम ‘हमारे राम’ के रूप में आनंद का संचार व विनिमय का रहे हैं।