Sunday, February 22, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

कासगंज : शिकायत करने गए परिवार पर दबंगों की फायरिंग, पितापुत्र समेत तीन लोग घायल

कासगंज। एक मामूली विवाद के बाद शिकायत करने पहुंचे परिजनों पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से की गई फायरिंग में पिता, पुत्र और भतीजा घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल से एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर किया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
सरेराह तमाचा बना हिंसा की वजह
गली कायस्तान निवासी 20 वर्षीय उत्कर्ष का मोहल्ले के ही कौशल से किसी बात पर विवाद हो गया था। बहस के दौरान कौशल ने उत्कर्ष को सरेआम तमाचा जड़ दिया। इस पर उत्कर्ष के पिता मनोज चौहान अपने बेटे सौर्य चौहान और भतीजे हर्षित चौहान के साथ शिकायत करने कौशल के घर पहुंच गए।

शिकायत पर भड़का आरोपी, बहनों के साथ मिलकर किया हमला
कौशल शिकायत सुनकर आगबबूला हो गया। उसकी बहनों ने भी मिलकर तीनों पर हमला कर दिया। इसी बीच कौशल ने अपने पिता की लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक निकाल ली और फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से मनोज, सौर्य और हर्षित गंभीर रूप से घायल हो गए।

एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर, हालत गंभीर
तीनों घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते उन्हें आगरा स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है लेकिन गंभीर बनी हुई है।

एफआईआर दर्ज, जल्द होगी गिरफ्तारी: पुलिस
इंस्पेक्टर लोकेश भाटी ने बताया कि उत्कर्ष के परिजनों की तहरीर पर कौशल और उसकी बहनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।

---------------------------------------------------------------------------------------------------