Friday, June 5, 2026
झारखंडराज्य

आज झारखंड आ रही हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, BIT मेसरा में आयोजित हीरक जयंती समारोह में होंगी शामिल

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज दो दिवसीय दौरे पर रांची आ रही हैं। राष्ट्रपति का विमान आज शाम 4:30 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचने का अनुमान है। यहां से राष्ट्रपति मुर्मू राजभवन चली जायेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति मुर्मू कुछ गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात करेंगी। इसके बाद राजभवन में ही रात्रि विश्राम करेंगी। वहीं कल यानी शनिवार को राष्ट्रपति बीआइटी मेसरा में आयोजित हीरक जयंती समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति बीआइटी के ऑडिटोरियम में आयोजित रिसर्च एग्जिबिशन कम डिस्प्ले का उद्घाटन भी करेंगी। समारोह में हिस्सा लेने के बाद राष्ट्रपति वहां से सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जायेंगी।

कल दोपहर लगभग 12:45 बजे राष्ट्रपति का विमान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जायेगा। वहीं, राष्ट्रपति मुर्मू के आगमन को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। राष्ट्रपति का काफिला एयरपोर्ट से सीधे राजभवन जाएगा, जहां उनकी सुरक्षा के लिए 3 लेयर की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, जिनमें 10 IPS अधिकारी भी शामिल होंगे।

ट्रैफिक नियंत्रण के लिए DSP, इंस्पेक्टर और पुलिसकर्मियों को प्रमुख सड़कों पर किया जाएगा तैनात
राष्ट्रपति आज एयरपोर्ट से हरमू बाईपास होते हुए राजभवन पहुंचेंगी। इस दौरान ट्रैफिक 1 घंटे पहले रोक दिया जाएगा। ट्रैफिक की रोकथाम के लिए विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट बनाए जाएंगे। काफिले के आगे बढ़ने के साथ ही ट्रैफिक को धीरे-धीरे खोला जाएगा। ट्रैफिक नियंत्रण के लिए DSP, इंस्पेक्टर और पुलिसकर्मियों को प्रमुख सड़कों पर तैनात किया जाएगा।

---------------------------------------------------------------------------------------------------