Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा: आईजी अमित पाठक का गोण्डा में औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं की कड़ी जांच

उत्तर प्रदेश में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक ने जनपद गोण्डा के कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने जय प्रकाश नारायन सर्वोदय विद्यालय, शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज और पीएम श्री फ.अ.अ. राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा से जुड़ी तैयारियों की गहन समीक्षा की और केंद्रों पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने अभ्यर्थियों के प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा कक्षों तक की व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को भी परखा। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता की जांच करते हुए तैनाती की स्थिति का भी आकलन किया।

आईजी ने मौके पर मौजूद कक्ष निरीक्षकों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गरिमा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए।

संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी भी स्थान पर संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता के संकेत मिलते हैं तो तत्काल प्रभाव से कठोर विधिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या नकल की कोशिश को सख्ती से रोका जाए।

नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए पुख्ता इंतजाम

देवीपाटन परिक्षेत्र पुलिस ने उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था की है। आईजी के औचक निरीक्षण और सख्त निर्देशों से स्पष्ट संदेश गया है कि भर्ती परीक्षा में किसी भी प्रकार की सेंध लगाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी जारी रहेगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------