क्या 19 और 21 मार्च को बंद रहेगा शेयर बाजार, कब है ईद की छुट्टी? चेक करें NSE-BSE के ट्रेडिंग हॉलिडे

नई दिल्ली। गुरुवार को चैत्र नवरात्रि की शुरुआत और गुड़ी पड़वा के मौके पर क्या शेयर बाजार (Share Market Close) बंद रहेंगे, इसके बाद 21 मार्च को ईद (EID Holiday) की छुट्टी कब है? नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की हॉलिडे लिस्ट के अनुसार, उगादी, चैत्र नवरात्रि, गुड़ी पड़वा और ईद-उल-फितर जैसे कई प्रमुख त्योहारों के बावजूद, भारतीय शेयर बाजार सामान्य रूप से काम करते रहेंगे। क्योंकि, ये तारीखें आधिकारिक ट्रेडिंग हॉलिडे का हिस्सा नहीं है।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार, 19 मार्च से 21 मार्च के बीच कोई बाजार अवकाश नहीं है। इक्विटी, डेरिवेटिव, मुद्रा और कमोडिटी समेत सभी सेगमेंट में ट्रेंडिंग जारी रहेगी। इस वर्ष 19 मार्च को मनाया जाने वाला उगादी, कई दक्षिणी राज्यों में नव वर्ष का प्रतीक है और आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र में गुड़ी पड़वा हिंदू नव वर्ष की शुरुआत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।

इन त्योहारों पर नहीं बंद रहेंगे बाजार
हालांकि, इन त्योहारों का सांस्कृतिक महत्व बहुत अधिक है, फिर भी बाज़ार बंद होने का निर्णय पूरी तरह से एक्सचेंजों की पूर्वनिर्धारित छुट्टियों की सूची के अनुसार ही लिया जाता है। एक्सचेंज ने इन दोनों त्योहारों को अपनी हॉलिडे लिस्ट में शामिल नहीं किया है इसलिए 19 मार्च और 21 मार्च को बाजार बंद नहीं रहेंगे। हालांकि, 21 मार्च को ईद-उल-फितर, शनिवार को होगी।
मार्च 2026 में एक्सचेंजों ने सामान्य सप्ताहांत की छुट्टियों के अलावा केवल तीन आधिकारिक अवकाश घोषित किए हैं – 3 मार्च को होली पर अवकाश था और अब 26 मार्च को राम नवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती के मौके पर मार्केट बंद रहेंगे।
