Top Newsखेल

Women’s T20 World Cup: भारतीय टीम ने श्रीलंका को 82 रनों से हराया, सेमीफाइनल की उम्मीद बरकरार

दुबई : महिला टी-20 विश्व कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम को 82 रन से हरा दिया है। इस विश्व कप में उनकी लगातार दूसरी जीत है। टी-20 विश्व कप में रनों के लिहाज से भारत की यह सबसे बड़ी जीत भी है। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीद कायम रखी है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 172 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका 90 रन ही बना पाई।

भारतीय महिला टीम ने मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। उनका यह फैसला सही साबित हुआ और पहले विकेट के लिए शफाली वर्मा (43) और स्मृति मंधाना (50) ने 98 रन जोड़ दिए। इसके बाद हरमनप्रीत ने 52 रनों की शानदार पारी खेली। श्रीलंका का कोई भी गेंदबाज मुकाबले में अपनी छाप नहीं छोड़ पाया। जवाब में श्रीलंका की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही और भारतीय टीम को आसानी से जीत मिल गई। मंधाना ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 131.58 की रही। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 27वां और श्रीलंका के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा।

हरमनप्रीत ने 27 गेंदों का सामना किया और 52 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 192.59 की रही। भारतीय कप्तान ने सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां और श्रीलंका के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा। हरमनप्रीत ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3,500 रन पूरे किए। वह न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की सूजी बेट्स (4,481) और मंधाना (3,562) के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वालीं सीर्फ तीसरी बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सबसे तेज अर्धशतक (27 गेंद) भी जड़ा।

शफाली ने अपनी 43 रन की पारी के दौरान टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,000 रन पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली सबसे युवा खिलाड़ी (20 साल 255 दिन) बनी हैं। भारत के लिए अरुंधति रेड्डी और आशा शोभना ने 3-3 विकेट लिए। दोनों ने 4 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 19 रन खर्च किए। दोनों की इकॉनमी रेट 4.80 की रही। रेणुका सिंह ने 4 ओवर में 16 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। श्रेयंका पाटिल ने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन दिए और 1 सफलता हासिल की। दीप्ति शर्मा ने 3.5 ओवर गेंदबाजी की और 16 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper