मनोरंजन

दो फिल्मों की असफलता के बाद, पहला टीवी प्रोजेक्ट, यादें बना हिट”: सोनी सब के शो ‘यादें’ के इक़बाल खान ने कहा


मुंबई, अप्रैल, 2026: सोनी सब का शो यादें अपनी भावनात्मक कहानी और उम्मीद से जुड़ी थीम्स के साथ दर्शकों के दिलों को छू रहा है। इस शो में अभिनेता इक़बाल खान डॉक्टर देव का किरदार निभा रहे हैं, एक ऐसा रोल जो उनके करियर का सबसे परतदार किरदार माना जा रहा है। शो में डॉक्टर देव की ज़िंदगी दिखाई गई है, जो आठ साल की यादें खोने और अपने बेटे की मौत के गहरे दुःख से जूझते हुए, नए सिरे से जीने की कोशिश करता है। इस बातचीत में इक़बाल खान ने बताया कि इस किरदार को निभाना उनके लिए कैसा रहा और किस बात ने उन्हें यादें की ओर खींचा। यह किरदार आपके पहले निभाए गए रोल्स से कैसे अलग है?

मैंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन डॉक्टर देव की खासियत उसकी भावनात्मक गहराई है। उसका इमोशनल क्वोशंट बहुत ऊँचा है, वह बहुत गहराई से महसूस करता है, लेकिन साथ ही ज़मीन से जुड़ा और सच्चा इंसान है। वह बेहद ईमानदार है, लेकिन किसी बनावटी आदर्शवाद में नहीं फंसा। यही बैलेंस मुझे बतौर अभिनेता उत्साहित करता है, क्योंकि इससे मुझे वो परतें एक्सप्लोर करने का मौका मिलता है, जिन्हें मैंने पहले नहीं छुआ था।
दो अलग-अलग भावनात्मक फेज़ से गुज़रने वाले किरदार को निभाना काफी इंटेंस होता है। कैमरा बंद होने के बाद आप उस इमोशनल स्पेस से कैसे बाहर आते हैं?
हर अभिनेता का अपना तरीका होता है। मेरे लिए इमोशनल सीन काफी थकाने वाले होते हैं। सीन शुरू करने के लिए मानसिक तैयारी करनी पड़ती है, लेकिन खत्म होने के बाद तुरंत बाहर आना आसान नहीं होता। वो भावनाएँ थोड़ी देर तक बनी रहती हैं, खासकर जब सीन बहुत इंटेंस हो। लेकिन, माहौल बदलने से मदद मिलती है सीन खत्म होते ही सेट का माहौल बदल जाता है और धीरे-धीरे आप खुद में लौट आते हैं।

क्या शूटिंग के दौरान ऐसा कोई पल आया, जब आपको अपने किरदार की कहानी का भावनात्मक बोझ व्यक्तिगत तौर पर महसूस हुआ?
हाँ, शो की शुरुआत में एक सीन है, जब डॉक्टर देव को अपने बेटे की मौत का पता चलता है। वह सीन बहुत भारी था। सिर्फ मैं ही नहीं, पूरी टीम उस वक्त उस दर्द को महसूस कर रही थी। शूटिंग के दौरान सेट पर एक अजीब-सी खामोशी थी। उस सीन का असर मुझ पर गहराई से हुआ और वह इमोशनल वज़न लंबे समय तक मेरे साथ रहा। डॉक्टर का किरदार निभाने से क्या आपके नज़रिए में असल ज़िंदगी के डॉक्टरों के प्रति कोई बदलाव आया?
“कहीं न कहीं हाँ, लेकिन मैं पहले से ही उस दुनिया से काफी वाकिफ हूँ क्योंकि मेरे परिवार में कई डॉक्टर हैं। मेरी बहनें और मेरे रिश्तेदारों में कई लोग मेडिकल फील्ड से जुड़े हुए हैं।

इसलिए मैंने दोनों पहलू देखे हैं पेशेवर और भावनात्मक।” वे आगे बताते हैं कि शो में डॉक्टर का किरदार निभाने से यह बात और मज़बूत हुई कि डॉक्टर सिर्फ़ इलाज ही नहीं करते, बल्कि बहुत बड़ा भावनात्मक बोझ भी उठाते हैं। मरीजों और उनके परिवारों के दर्द को महसूस करना और उसके साथ जीना आसान नहीं होता। इक़बाल कहते हैं कि यही वजह है कि उन्होंने हमेशा डॉक्टरों के प्रति गहरा सम्मान रखा है।
चूँकि शो का थीम ‘सेकंड चांस’ है, क्या आपकी ज़िंदगी में ऐसा कोई पल आया जब आपको दूसरा मौका मिला?

यह मेरे करियर का बहुत अहम् और निर्णायक दौर था। शुरुआत में मैंने दो फिल्में की थीं, लेकिन दुर्भाग्य से दोनों ही नहीं चलीं। उस वक्त सच में लगा था कि सब खत्म हो गया है और प्रोफेशनली आगे कुछ नहीं बचा। मैं बहुत असमंजस में था और समझ नहीं पा रहा था कि आगे क्या होगा। तभी मुझे मेरा पहला टेलीविज़न प्रोजेक्ट मिला, और वह भी सोनी के साथ। उस शो ने जबरदस्त सफलता हासिल की और मेरे करियर को पूरी तरह बदल दिया। मेरे लिए वह एक दूसरा मौका था, जिसने मेरी यात्रा को नई दिशा दी। वह लगभग एक नई शुरुआत जैसा था, जिसने मुझे आत्मविश्वास और फिर से आगे बढ़ने का रास्ता दिया।

आप गुलकी के साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं, उस अनुभव के बारे में बताइए और बतौर को-एक्टर वे सेट पर क्या लेकर आती हैं?
गुलकी के साथ काम करना शानदार रहा। वे बहुत ही सक्षम और ईमानदार अभिनेत्री हैं। मुझे सबसे अच्छा यह लगता है कि हमारे सीन बहुत सहयोगी होते हैं, जिससे परफॉर्मेंस और बेहतर हो जाती है। इसके अलावा, वे सेट पर हल्कापन और पॉज़िटिव एनर्जी लेकर आती हैं। शो में इतने भारी-भरकम इमोशंस होते हैं कि ऐसे माहौल में गुलकी का मज़ाकिया और जीवंत स्वभाव सबको रिलैक्स कर देता है।
दर्शक शो से क्या उम्मीद कर सकते हैं?

दर्शक इस शो से बहुत ईमानदारी की उम्मीद कर सकते हैं। परफॉर्मेंस बहुत सच्चे और ज़मीन से जुड़े हुए हैं। कहानी कहीं भी उपदेशात्मक नहीं लगती। इसमें इमोशनल सीन हैं, लेकिन हल्के-फुल्के पल भी हैं, जो मुस्कान देंगे। सबसे अहम् बात यह है कि हर एपिसोड आपको कुछ देकर जाएगा, जिसमें एक छोटी सोच, एक जीवन का सबक या एक ऐसा एहसास शामिल रहेगा, जो आपके साथ हमेशा रहेगा।

---------------------------------------------------------------------------------------------------