Top Newsदेशराज्य

Gmail खोले बिना लिख सकेंगे ईमेल, Google Chrome में आया Auto Browse AI फीचर, यूजर्स को मिलेंगे बड़े फायदे

इंटरनेट इस्तेमाल करने का तरीका अब पहले से कहीं ज्यादा स्मार्ट होने जा रहा है। गूगल ने अपने क्रोम ब्राउजर में एक नया Gemini AI आधारित फीचर जोड़ा है, जिसकी मदद से यूजर्स वेबसाइट खोलने, क्लिक करने और कई काम अपने आप करवा सकेंगे। इस नए फीचर को ‘ऑटो ब्राउज’ नाम दिया गया है, जो एक एआई एजेंट की तरह काम करेगा और यूजर की ओर से कई डिजिटल टास्क पूरे करेगा।

गूगल के इस नए अपडेट के बाद यूजर्स बिना Gmail ओपन किए ही ईमेल लिख सकेंगे। यही नहीं, शॉपिंग, ट्रैवल प्लानिंग और जानकारी खोजने जैसे काम भी पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएंगे। यह एआई असिस्टेंट यूजर की तरफ से वेबसाइट्स ब्राउज कर सकता है और जरूरी स्टेप्स खुद पूरा करता है।

ट्रिप प्लानिंग से शॉपिंग तक करेगा काम आसान

गूगल क्रोम के प्रोडक्ट डायरेक्टर चार्मैन डी सिल्वा के अनुसार, जेमिनी एआई की मदद से क्रोम यूजर्स अब परिवार के लिए ट्रिप प्लान कर सकते हैं। एआई अलग-अलग एयरलाइन और होटल वेबसाइट्स खोलकर किराए और विकल्पों की तुलना कर सकेगा। इससे यूजर्स को बार-बार वेबसाइट बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसी फीचर के साथ क्रोम में गूगल के इमेज जनरेशन टूल नैनो बनाना का इंटीग्रेशन भी किया गया है।

कई तरह के काम संभाल सकता है एआई एजेंट

गूगल क्रोम की वाइस प्रेसिडेंट पैरिसा तब्रीज ने एक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि टेस्टिंग के दौरान इस फीचर का इस्तेमाल अपॉइंटमेंट बुक करने, ऑनलाइन फॉर्म भरने, टैक्स डॉक्यूमेंट इकट्ठा करने, प्लंबर और इलेक्ट्रीशियन से कोटेशन लेने, बिल चेक करने, एक्सपेंस रिपोर्ट फाइल करने, सब्सक्रिप्शन मैनेज करने और ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यू कराने जैसे कामों के लिए किया गया। कंपनी का दावा है कि इससे यूजर्स का काफी समय बचेगा और रोजमर्रा के डिजिटल काम आसान होंगे।

यूजर की ओर से कर सकेगा साइन इन

गूगल पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि जेमिनी यूजर के Gmail, सर्च, फोटो और यूट्यूब डेटा का इस्तेमाल करके ज्यादा बेहतर जवाब दे सकता है। जब यह ‘पर्सनल इंटेलिजेंस’ फीचर क्रोम में एक्टिव होगा, तो जेमिनी असिस्टेंट ट्रिप से जुड़ी लॉजिस्टिक्स में भी मदद करेगा। स्कूल शेड्यूल और पहले से तय अपॉइंटमेंट्स को ध्यान में रखकर परिवार के लिए बेहतर विकल्प सुझाएगा। इसके अलावा, गूगल पासवर्ड मैनेजर की मदद से यह एआई यूजर की तरफ से वेबसाइट्स पर साइन इन भी कर सकेगा। फिलहाल क्रोम का ऑटो ब्राउज फीचर अमेरिका में AI प्रो और AI अल्ट्रा सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है।

क्रोम में बदलेगा इंटरफेस, मिलेगा नैनो बनाना

ऑटो ब्राउज फीचर के साथ गूगल अपना इमेज जनरेशन टूल नैनो बनाना भी सीधे क्रोम ब्राउजर में शामिल कर रहा है। कंपनी का कहना है कि एआई को इस तरह ट्रेन किया गया है कि वह यूजर की अनुमति के बिना कोई अंतिम फैसला नहीं लेगा। इसके साथ ही क्रोम का इंटरफेस भी बदलेगा। अब ब्राउजर के राइट साइड में एक स्थायी पैनल होगा, जिसमें जेमिनी चैटबॉट हर समय उपलब्ध रहेगा, चाहे यूजर किसी भी वेबसाइट पर हो।

अन्य एआई ब्राउजर्स के लिए बढ़ सकती हैं चुनौतियां

एआई ब्राउजर की दुनिया में OpenAI और Perplexity जैसी कंपनियां पहले ही अपने प्रोडक्ट्स लॉन्च कर चुकी हैं। हालांकि, दुनिया भर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले ब्राउजर गूगल क्रोम में जब सीधे एआई फीचर्स मिलेंगे, तो यूजर्स के दूसरे ब्राउजर पर शिफ्ट होने की संभावना कम हो सकती है। ऐसे में Perplexity का Comet और OpenAI का Atlas जैसे एआई ब्राउजर्स के लिए यह अपडेट चुनौती बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------