राज्य

मोबाइल लूटने के लिए युवक की हत्या, पंचकूला पुलिस ने मुख्य आरोपी के बाद नाबालिग साथी को भी दबोचा

पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में मोबाइल लूटने के लिए एक युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि अब वारदात में शामिल उसके नाबालिग साथी को भी क्राइम ब्रांच की टीम ने काबू कर लिया है। पुलिस फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार, खून से सने कपड़े और छीना गया मोबाइल फोन बरामद करने की कोशिश जारी है।

रात दो बजे घर लौटते समय हुआ हमला

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन के मुताबिक पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि एक युवक पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया है। जांच में पता चला कि मृतक की पहचान 29 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अमेठी का रहने वाला था और फिलहाल ढकोली में किराये पर रह रहा था। वह चंडीगढ़ के एक कॉल सेंटर में काम करता था।

बताया गया कि 2 और 3 मार्च की दरमियानी रात करीब दो बजे दीपक अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान वह सेक्टर-12 स्थित कृषि भवन की ओर जाने वाली सड़क पर पहुंचा और बाइक साइड में रोककर अपने एक दोस्त से मोबाइल पर बातचीत करने लगा।

दो युवकों ने चाकू से किया हमला

इसी बीच दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्होंने तेजधार चाकुओं से दीपक पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी उसका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दीपक को तुरंत सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर थाना सेक्टर-5 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई।

6 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 के प्रभारी दलीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेज कार्रवाई करते हुए वारदात के महज छह घंटे के भीतर मुख्य आरोपी रोशन को गिरफ्तार कर लिया। रोशन बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है और फिलहाल ढकोली में किराये पर रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी को 4 मार्च को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस उससे वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू, खून से सने कपड़े और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद करने का प्रयास कर रही है।

नशे के बाद वारदात को दिया अंजाम

प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने से पहले दोनों आरोपियों ने नशा किया था। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी रोशन पर पहले भी लूट के तीन मामले दर्ज हैं। ये मामले उस समय के हैं जब वह नाबालिग था और सेक्टर-5 तथा सेक्टर-14 थाने में दर्ज हुए थे।

नाबालिग साथी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा

पुलिस जांच में अब तक मृतक और आरोपियों के बीच किसी प्रकार की व्यक्तिगत रंजिश सामने नहीं आई है। पुलिस के अनुसार यह पूरी वारदात केवल लूट के इरादे से की गई थी और दीपक द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने वीरवार को इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी, जो नाबालिग है, को भी हिरासत में ले लिया है। उससे भी घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------