चुनाव आयोग में मतभेद पर चिराग पासवान बोले- EC को मजबूती से रखना चाहिए अपना पक्ष, जनता के भरोसे पर नहीं उठना चाहिए सवाल
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने शुक्रवार को चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग को लेकर इस तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं तो आयोग, खासकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की जिम्मेदारी है कि वे अपना पक्ष मजबूती से सामने रखें।
हाजीपुर से सांसद चिराग पासवान ने कहा कि उन्हें इस बात की परवाह नहीं है कि विपक्ष क्या कहता है, क्योंकि राजनीति करना उसका काम है। लेकिन चुनाव आयोग को जनता का भरोसा बनाए रखना चाहिए। अगर चुनावी प्रक्रिया को लेकर ही लोगों के मन में शक पैदा होने लगे तो यह ठीक नहीं होगा। ऐसे में आयोग को अपनी बात मजबूती से रखनी चाहिए, ताकि जनता के मन में किसी तरह का संदेह न रहे।

बिहार में छात्राओं से जुड़ी घटनाओं पर जताई चिंता
बिहार में जमुई और समस्तीपुर के बाद बांका में छात्रा के साथ सड़क पर हुई घटना को लेकर भी सियासत तेज है। विपक्ष इन मामलों को लेकर राज्य सरकार पर लगातार सवाल उठा रहा है। वहीं, चिराग पासवान ने बिहार में छात्राओं के खिलाफ सामने आ रही घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए इन्हें शर्मनाक बताया।
चिराग ने कहा कि यह उनके लिए गंभीर चिंता की बात है कि उनकी सरकार के सत्ता में रहते हुए भी अपराधी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जवाबदेही से नहीं भाग सकती और उचित कार्रवाई किए बिना ऐसे मामलों को छोड़ा नहीं जाना चाहिए। चिराग ने उन लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही, जो इस तरह की घटनाओं को लेकर आंखें मूंद लेते हैं।
जमुई और समस्तीपुर में हुई कार्रवाई का किया जिक्र
बिहार के जिन जिलों में नाबालिग बच्चियों से जुड़ी घटनाएं सामने आई हैं, उनमें जमुई और समस्तीपुर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसदों के क्षेत्र हैं। समस्तीपुर से शांभवी चौधरी और जमुई से चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती सांसद हैं।
चिराग ने जमुई की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि स्थानीय सांसद अरुण भारती ने तेजी से कार्रवाई के लिए काम किया। उनके मुताबिक, मामले में गिरफ्तारियां हुईं और पुलिस मुठभेड़ भी हुई। इसी तरह समस्तीपुर की घटना में भी तत्काल गिरफ्तारियां की गईं।
हालांकि, चिराग ने कहा कि केवल गिरफ्तारियां या एनकाउंटर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए, जिनकी निगरानी में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।
-------------------------------------------------------------------------------------------
शांभवी चौधरी पर आरोप, चिराग ने नहीं दी प्रतिक्रिया
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने आरोपियों के नाम छिपाने की कोशिश की। शांभवी चौधरी पर समस्तीपुर पुलिस की प्रेस रिलीज को क्रॉप करके आरोपियों के नाम हटाने के बाद उसे फेसबुक पर साझा करने का आरोप लगाया गया है।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने शांभवी चौधरी पर लगे इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने केवल जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं में हुई कार्रवाई का जिक्र किया।
मुख्यमंत्री से की बात, जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर
चिराग पासवान ने बताया कि उन्होंने इन घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री से बात की है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जानी चाहिए। चिराग के मुताबिक, सरकार के कार्यकाल में ऐसी एक भी घटना होना शर्म की बात है।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि असामाजिक तत्वों में कानून का डर पैदा हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

