लाइफस्टाइल

डायबिटीज कंट्रोल करना चाहते हैं तो खाने के बाद सिर्फ 5 मिनट करें ये काम, ब्लड शुगर पर पड़ सकता है असर

नई दिल्ली: खाने के बाद कुछ मिनट की हल्की वॉक ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकती है। एक नई रिसर्च में शोधकर्ताओं ने सात अलग-अलग अध्ययनों का विश्लेषण किया और यह देखा कि लंबे समय तक बैठे रहने की बजाय खड़े होने या हल्का चलने जैसी गतिविधियों का इंसुलिन, ब्लड शुगर और हृदय स्वास्थ्य पर क्या असर पड़ता है।

रिसर्च के नतीजों के आधार पर शोधकर्ताओं ने सुझाव दिया कि लंच या डिनर के बाद बैठने या लेटने की बजाय 2 से 5 मिनट तक हल्की वॉक करना ब्लड शुगर के लिए फायदेमंद हो सकता है। यहां तक कि खाना खाने के बाद कुछ देर खड़े रहना भी ब्लड शुगर को कम करने में मदद कर सकता है।

स्टडी के लेखक एडन बुफे ने एक हेल्थ वेबसाइट से बातचीत में कहा कि हल्की शारीरिक गतिविधियां स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद हो सकती हैं।

खाने के बाद क्यों बढ़ता है ब्लड शुगर

जब भी हम खाना खाते हैं, खासकर कार्बोहाइड्रेट से भरपूर भोजन लेने पर, शरीर में ब्लड शुगर का स्तर तेजी से बढ़ सकता है। इसे पोस्टप्रांडियल स्पाइक कहा जाता है। ब्लड शुगर बढ़ने पर शरीर इंसुलिन हार्मोन रिलीज करता है। इंसुलिन ग्लूकोज को खून से कोशिकाओं तक पहुंचाने में मदद करता है, जहां इसका इस्तेमाल ऊर्जा के लिए किया जाता है।

हालांकि, ब्लड शुगर और इंसुलिन के बीच संतुलन बिगड़ने पर परेशानी बढ़ सकती है। सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के अनुसार, लंबे समय तक ब्लड शुगर का स्तर बहुत अधिक रहने पर कोशिकाएं इंसुलिन के प्रति कम संवेदनशील हो सकती हैं। इसे इंसुलिन रेजिस्टेंस कहा जाता है, जो प्री-डायबिटीज या टाइप-2 डायबिटीज से जुड़ा हो सकता है।

खाने के बाद हल्की वॉक क्यों है फायदेमंद

स्टडी में पाया गया कि खाना खाने के बाद लगातार बैठे रहने की बजाय कुछ देर चलने या खड़े रहने से पोस्टप्रांडियल ग्लूकोज का स्तर कम किया जा सकता है। स्टडी के लेखक के मुताबिक, हल्की वॉक से खाने के बाद इंसुलिन के स्तर को बेहतर बनाए रखने में भी मदद मिल सकती है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

शोधकर्ताओं का सुझाव है कि भोजन के बाद थोड़ी देर हल्की वॉक करने से ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा दिनभर में थोड़े-थोड़े अंतराल पर चलना भी फायदेमंद हो सकता है।

बुफे ने यह भी सुझाव दिया कि जहां तक संभव हो, पूरे दिन लगातार बैठने का समय कम किया जाए। अगर आपका काम लंबे समय तक बैठकर करने वाला है तो हर 20 से 30 मिनट में उठकर थोड़ी देर चलने की कोशिश करें।

ब्लड शुगर मैनेज करने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

डायबिटीज के खतरे को कम करने और पहले से मौजूद डायबिटीज को मैनेज करने के लिए ब्लड शुगर को नियंत्रित रखना जरूरी है। लंबे समय तक अनियंत्रित ब्लड शुगर रहने से नजरों की समस्या, हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी डिजीज जैसी जटिलताओं का खतरा बढ़ सकता है।

अमेरिकन डायबिटीज एसोसिएशन की हेल्थ केयर प्रोग्राम की वाइस प्रेसिडेंट लॉरा हिरोनिमस के मुताबिक, ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने से भविष्य में डायबिटीज से जुड़ी जटिलताओं के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे दिन ब्लड शुगर को संतुलित रखने से ऊर्जा के स्तर को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

CDC के अनुसार, ब्लड शुगर को मैनेज करने के लिए फल और सब्जियों से भरपूर संतुलित आहार लेना, स्वस्थ वजन बनाए रखना और नियमित शारीरिक गतिविधि करना जरूरी है। इसके साथ ही कुछ अन्य बातों का भी ध्यान रखना चाहिए।

  • अपने ब्लड शुगर लेवल को नियमित रूप से ट्रैक करते रहें।
  • दिनभर कुछ न कुछ खाते रहें और लंबे समय तक भूखे रहने से बचें।
  • जूस, सोडा या शराब की जगह पानी को प्राथमिकता दें।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------