मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र का किया औचक निरीक्षण

गोण्डा। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने नवीन मंडी परिसर स्थित धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण कर धान खरीद की व्यवस्थाओं एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान की गुणवत्ता जांच, खरीद प्रक्रिया एवं संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया तथा अब तक हुई खरीद की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों से निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ धान खरीद सुनिश्चित की जाए। क्रय केंद्रों पर पेयजल, बैठने सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने किसानों द्वारा विक्रय किए गए धान का नियमानुसार समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने तथा खरीद प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न होने पर विशेष जोर दिया। साथ ही खरीद से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने एवं शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मण्डलायुक्त ने मौके पर मौजूद संभागीय खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया कि देवीपाटन मण्डल के सभी जनपदों गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती में धान खरीद से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। सभी क्रय केंद्रों का नियमित पर्यवेक्षण करते हुए पारदर्शी एवं सुचारु खरीद व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा किसानों को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाओं का लाभ दिलाया जाए।
मण्डलायुक्त ने स्पष्ट किया कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित हो सके।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
