Top Newsदेशराज्य

स्कूल बंद, एग्जाम कैंसिल, पहली बार जुलाई में इतना नहाई मुंबई; IMD की भविष्यवाणी ने भी डराया

Mumbai Rains: आर्थिक राजधानी मुंबई में भारी बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने भी शहर में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। खबर है कि मुंबई समेत आसपास के कई इलाकों में अति भारी बारिश की संभावनाएं हैं। इधर, बृह्नमुंबई महानगरपालिका ने एहतियात के मद्देनजर सभी स्कूल-कॉलेज बंद करने का ऐलान किया है। बारिश से मुंबई का कोलाबा सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आ रहा है।

इतिहास में पहली बार जुलाई में इतनी भीगी मुंबई
अधिकारियों का कहना है कि इतिहास में पहली बार मुंबई में इतनी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड साल 2020 में दर्ज हुआ था। उस दौरान सांताक्रूज में 1502 मिमी बारिश हुई थी। 2023 में 1 जुलाई से 26 जुलाई की सुबह तक यह आंकड़ा 1433 मिमी पर पहुंच गया था। गुरुवार को यह रिकॉर्ड 1557.8 मिमी पहुंचते ही टूट गया।

कोलाबा में सबसे ज्यादा बारिश
IMD ने बताया है कि मुंबई के कोलाबा में 24 घंटों के अंदर सबसे भारी बारिश हुई है। इस दौरान यहां तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस और बारिश 223.2 मिमी दर्ज की गई। जबकि, सांताक्रूज में यह आंकड़ा 24.4 डिग्री सेल्सियस था और यहां 145.1 मिमी बारिश हुई है। मुंबई और उपनगरीय इलाकों में गुरुवार दोपहर तक के लिए पहले ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर रेड अलर्ट किया गया।

उफान पर झीलें पर जारी रहेगा वॉटर कट
मुंबई में भारी बारिश ने झीलों को लबालब कर दिया है, लेकिन इससे मुंबईवासियों की वॉटर कट या पानी की कटौती की समस्या तुरंत हल नहीं होगी। बुधवार तक शहर की कई झीलों में अधिकतम क्षमता तक पानी आ गया था। इसी बीच बीएमसी ने साफ कर दिया है कि जब सभी सात झीलों में कुल स्टॉक 70 फीसदी के आंकड़े को पार नहीं कर लेता तब तक 10 फीसदी पानी की कटौती जारी रहेगी। विहार और तानसा झीलें भर चुकी हैं।

24 घंटे में 100 मिमी से ज्यादा बारिश
दक्षिण मुंबई ने मूसलाधार बारिश का सामना किया। आंकड़े बताते हैं कि बुधवार सुबह 8.30 से गुरुवार सुबह 8.30 तक कई इलाकों में 100 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। इनमें कोलाबा (223.2 मिमी), सांताक्रूज (145.1 मिमी), बांद्रा (106 मिमी), राम मंदिर (161 मिमी), भायखला (119 मिमी), CSMT (153.5 मिमी) और सियोन (112 मिमी) का नाम शामिल है। इसके अलावा दहिसर में 70.5, चेंबूर में 86.5 और माटुंगा मं 78.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

स्कूल बंद, परिक्षाएं भी नहीं होंगी
बीएमसी ने भारी बारिश के कारण शहर के स्कूल-कॉलेज बंद करने का फैसला किया है। वहीं, रेड अलर्ट के बीच मुंबई यूनिवर्सिटी ने गुरुवार को होने वाली सभी परीक्षाएं भी कैंसिल कर दी हैं। इस संबंध में बुधवार को विश्वविद्यालय बोर्ड की ओर से सर्कुलर भी जारी कर दिया है।

मालडुंगा पॉइंट पर भूस्खलन
खबर है कि बारिश के बीच मथेरन के मालडुंगा पॉइंट पर भूस्खलन हो गया है। ऐसे में पर्यटकों के लिए फिलहाल जगह को बंद कर दिया है। हालांकि, राहत की बात है कि बस्ती नहीं होने के कारण यहां जनहानि नहीं हुई। रायगढ़ की घटना के वक्त महाराष्ट्र उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कहा था कि भूस्खलन की घटनाओं का पैटर्न बदल रहा है।

सतारा में भी रेड अलर्ट, बांध का जलस्तर बढ़ा
महाराष्ट्र के सतारा जिले में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। जिले के पश्चिमी हिस्से में लगातार बारिश हो रही है। इसी बीच सतारा शहर के पास कन्हेर डेम का जलस्तर भी बढ़ा है। फिलहाल, बांध 57 प्रतिशत भरा हुआ है और जिला प्रशासन भी सुरक्षा के संबंध में तैयार नजर आ रहा है।

यहां जारी है भारी बारिश का दौर
गढ़चिरौली जिले में देर रात से ही भारी बारिश हो रही है। जबकि, कोल्हापुर को फिलहाल राहत मिल गई है। यहां पंचगंगा नदी का जलस्तर भी करीब 10 घंटों से स्थिर है। इधर, गुरुवार को रायगढ़ और अन्य जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पुणे शहर में भी मध्यम बारिश के आसार हैं।

यहां अलर्ट जारी
रत्नागिरी, पुणे, सतारा के जिलों, गढ़चिरौली, चंद्रपुर और विदर्भ में रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, कोंकण, कोल्हापुर, नागपुर, गोंदिया, भंडारा, यवतमाल जिलों में कुछ जगहों पर ऑरेज अलर्ट है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------