एक्स बॉयफ्रेंड को डराने के लिए ChatGPT से बनवाया फर्जी पुलिस नोटिस, युवती समेत दो पर FIR
पांच साल तक रहा प्रेम संबंध, शादी का वादा कर दूरी बनाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, कुकाटपल्ली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बालाजीनगर निवासी 24 वर्षीय थिरुनेश्वर वीरंकी की मुलाकात महिंद्रा विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली 24 वर्षीय छात्रा से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई और करीब पांच साल तक उनका रिश्ता रहा। आरोप है कि युवक ने युवती से शादी करने का वादा किया था, लेकिन पिछले एक साल से वह उससे दूरी बनाने लगा था। इतना ही नहीं, उसने युवती को सोशल मीडिया पर भी ब्लॉक कर दिया था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस घटनाक्रम से नाराज युवती ने पूर्व प्रेमी को डराने के लिए फर्जी नोटिस भेजने की योजना बनाई।
ChatGPT की मदद से तैयार किया शी टीम्स के नाम पर फर्जी नोटिस
जांच में पता चला कि युवती ने शी टीम्स के नाम से पुलिस का एक फर्जी नोटिस तैयार किया था। इसके लिए कथित तौर पर ChatGPT का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद हरि नाम के एक व्यक्ति ने यह नोटिस थिरुनेश्वर के व्हाट्सएप पर भेजा। नोटिस में युवक को पूछताछ के लिए शी टीम्स के कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था। पुलिस के नाम और आधिकारिक नोटिस जैसा प्रारूप देखकर युवक ने इसे वास्तविक समझ लिया और बताए गए कार्यालय पहुंच गया।
कार्यालय पहुंचा युवक तो खुली फर्जी नोटिस की पोल
थिरुनेश्वर जब नोटिस लेकर शी टीम्स के अधिकारियों के सामने पेश हुआ, तब उसकी जांच की गई। पड़ताल में पता चला कि पुलिस की ओर से ऐसा कोई नोटिस जारी ही नहीं किया गया था। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी सामने आई। शी टीम्स के उपनिरीक्षक वेंकटेश की शिकायत पर सैफाबाद पुलिस स्टेशन में युवती और उसकी मदद करने वाले युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।

भारतीय न्याय संहिता और IT एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 204, 319(2), 336(3), 340(2) और 35(2) के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(सी) और 66(डी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फर्जी नोटिस तैयार करने और उसे भेजने में दोनों की क्या भूमिका थी। इस घटना के बाद पुलिस ने एआई उपकरणों का इस्तेमाल कर फर्जी सरकारी या आधिकारिक दस्तावेज तैयार करने को लेकर सख्त चेतावनी भी दी है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
