गंगोत्री तक आसान होगा सफर, ऑल वेदर रोड को मिली रफ्तार; 2027-28 तक पूरे प्रोजेक्ट को मंजूरी का लक्ष्य
देहरादून: उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने गंगोत्री तक ऑल वेदर रोड परियोजना को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर बताया है कि उत्तरकाशी से गंगोत्री के बीच प्रस्तावित ऑल वेदर रोड के बाकी हिस्सों को वर्ष 2027-28 तक मंजूरी देने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद गंगोत्री धाम तक सालभर सड़क संपर्क बेहतर हो सकेगा।
उत्तरकाशी-गंगोत्री मार्ग के 100 किलोमीटर हिस्से पर काम
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र में बताया कि उत्तरकाशी से गंगोत्री के बीच प्रस्तावित ऑल वेदर रोड परियोजना को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस मार्ग के कुल 100 किलोमीटर हिस्से में से 14 किलोमीटर के कार्यों को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है।
वहीं, शेष 86 किलोमीटर के कार्यों को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य तय किया गया है। परियोजना पूरी होने के बाद चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है।
टनकपुर-जौलजीबी मार्ग का चौड़ीकरण पूरा
नितिन गडकरी ने उत्तराखंड की अन्य सड़क परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी है। उन्होंने बताया कि टनकपुर से जौलजीबी तक 183 किलोमीटर सड़क को दो लेन में चौड़ा करने का काम पूरा हो चुका है।
इससे सीमांत क्षेत्रों में आवागमन आसान हुआ है और सड़क नेटवर्क को मजबूती मिली है। इसके अलावा चंपावत, लोहाघाट और पिथौरागढ़ में बाईपास निर्माण योजनाओं पर भी काम आगे बढ़ाया जा रहा है।
जौलजीबी-बागेश्वर सड़क चौड़ीकरण की तैयारी
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जौलजीबी से बागेश्वर तक सड़क चौड़ीकरण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को वर्ष 2027-28 में मंजूरी देने का लक्ष्य रखा गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से पहाड़ी क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
बागेश्वर-कर्णप्रयाग मार्ग भी योजना में शामिल
उत्तराखंड के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की योजना में बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक का मार्ग भी शामिल किया गया है। इस सड़क को दो लेन में विकसित करने के लिए डीपीआर तैयार करने का लक्ष्य अगले साल तक रखा गया है। डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होगी।

धामी ने केंद्र के सामने उठाया था सड़क परियोजनाओं का मुद्दा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं और लंबित कार्यों को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था। इसमें उत्तराखंड में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने और जरूरी परियोजनाओं को गति देने का अनुरोध किया गया था।
इसके जवाब में गडकरी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर विभिन्न सड़क योजनाओं की स्थिति और उनके लिए तय समयसीमा की जानकारी दी है।
सिमली महिला बेस अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल बनाने की तैयारी
वहीं, चमोली जिले के सिमली महिला बेस अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल में बदलने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। इसके लिए प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है, जो 15 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।
समिति में कर्णप्रयाग और थराली के विधायक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सचिव, जिला पंचायत सदस्य विक्रम कठायत और बेस संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी को शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर मेले के दौरान अस्पताल के उच्चीकरण की घोषणा की थी। अब समिति सभी पहलुओं का अध्ययन कर विस्तृत रिपोर्ट और प्रस्ताव शासन को सौंपेगी।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
