Featured NewsTop Newsदेश

MPSC पेपर लीक केस में बड़ा खुलासा, आयोग का अफसर निकला मास्टरमाइंड; 3 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल

मुंबई: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में स्पेशल एंटी करप्शन ब्यूरो कोर्ट में 3 हजार से ज्यादा पन्नों की पहली चार्जशीट दाखिल की है। जांच एजेंसी ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग के असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर विश्वेश्वर नकाटे को पेपर लीक का मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड बताया है।

जांच के मुताबिक, नवी मुंबई स्थित MPSC कार्यालय में प्रश्न बैंक के मेटा सेट की सुरक्षा की जिम्मेदारी विश्वेश्वर नकाटे के पास थी। आरोप है कि उन्होंने इसी पद का गलत फायदा उठाकर परीक्षा से जुड़े सवालों तक पहुंच बनाई और पेपर लीक की साजिश को अंजाम दिया।

आरोप है कि नकाटे ने अपने लैपटॉप पर करीब 300 सवाल तैयार किए और उनका प्रिंट निकालकर कार्यालय के पार्किंग परिसर में संबंधित लोगों तक पहुंचाया। जांच एजेंसी का दावा है कि पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद खुद को बचाने के लिए नकाटे ने वरिष्ठ अधिकारी और अंडर सेक्रेटरी अभिजीत लेंडवे को भी इस मामले में फंसाने की कोशिश की।

चार्जशीट में 13 गिरफ्तार आरोपियों के अलावा दो फरार आरोपियों की भूमिका का भी जिक्र किया गया है। जांच एजेंसी ने फिलहाल छह आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत जुटाकर अदालत में पेश किए हैं। वहीं अगस्त में गिरफ्तार किए गए तीन MPSC अधिकारियों की भूमिका की जांच अभी जारी है। बाकी आरोपियों के खिलाफ दिसंबर में पूरक चार्जशीट दाखिल की जा सकती है।

जांच में परीक्षा में सातवीं रैंक हासिल करने वाली आरोपी रुतुजा पाटिल और मामले का खुलासा करने वाले लोकेश उर्फ गौरव पाटिल के रिश्ते की कहानी भी सामने आई है। आरोप है कि परीक्षा से पहले रुतुजा को प्रश्न उपलब्ध कराए गए थे और वह गौरव से शादी करना चाहती थीं।

बताया जा रहा है कि परीक्षा के बाद परिवार के विरोध और माता-पिता की आत्महत्या की धमकी के चलते रुतुजा ने गौरव से दूरी बना ली। दोनों के बीच विवाद बढ़ने के बाद गौरव ने परीक्षा में पेपर लीक होने की जानकारी सामने रखी।

चार्जशीट में रुतुजा के पिता अमृत पाटिल, बिचौलिये प्रवीण पाटिल समेत MPSC अधिकारी विश्वेश्वर नकाटे, अभिजीत लेंडवे और गोपाल मराठे के नाम शामिल हैं। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be