जिलाधिकारी ने पीएम आवास योजना (शहरी) एवं पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की करी समीक्षा


बरेली, 30 अगस्त। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत तहसीलवार लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन आवेदनों को अपात्र घोषित कर निरस्त किया जा रहा है, संबंधित आवेदकों को निरस्तीकरण का कारण स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए, ताकि यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो वे समय रहते उसका निराकरण करा सकें। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित आवेदनों की संख्या कम करने के निर्देश दिए।
-------------------------------------------------------------------------------------------
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने योजना के अंतर्गत दी जाने वाली तीनों ऋण किश्तों के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। द्वितीय किश्त के वितरण में ब्लॉक क्यारा एवं ब्लॉक बिथरी चैनपुर में अधिक लंबित प्रकरण पाए जाने पर संबंधित ब्लॉक के अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य बैंकों में ऋण स्वीकृत होने के बावजूद लंबित अदायगी पर विशेष शिविर लगाकर सभी लंबित मामलों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने हेतु प्रवत्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर उपजिलाधिकारी संत रंजन, उपजिलाधिकारी सदर ईशिता किशोर, उपजिलाधिकारी मीरगंज निधि शुक्ला, उपजिलाधिकारी फरीदपुर विदुषी सिंह, उपजिलाधिकारी बहेड़ी गोपाल शर्मा, उपजिलाधिकारी आंवला सुशील मिश्रा,उपजिलाधिकारी नवाबगंज सचिन यादव, बैंकों के प्रतिनिधि तथा समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

