प्रो. अनिल राय ने संभाला रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति का पदभार : शैक्षणिक गुणवत्ता,शोध और तकनीकी नवाचार रहेंगी सर्वोच्च प्राथमिकताएं

बरेली,31अगस्त । महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के नवनियुक्त कुलपति प्रो.(डॉ.) अनिल कुमार राय ने सोमवार को विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलपति का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के निवर्तमान कुलपति प्रो. के पी सिंह से पदभार संभाला। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रो. राय का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने प्रो. राय को तीन वर्ष के लिए रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। पदभार ग्रहण करने के बाद प्रो. राय ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने, शोध एवं तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रो. राय ने विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
*इससे पहले प्रो. राय शेखावाटी विवि में थे कुलगुरु*
प्रो. अनिल कुमार राय इससे पूर्व पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर के कुलगुरु के रूप में कार्यरत थे। उनके कार्यकाल में शेखावाटी विश्वविद्यालय ने शोध, नवाचार, डिजिटल तकनीक और विद्यार्थी सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध केंद्र की स्थापना, हाईटेक मीडिया लैब, रेडियो शेखावाटी 91.2 एफएम, ऑटोमेटेड प्रश्नपत्र प्रणाली, ऑनलाइन प्रोविजनल डिग्री एवं माइग्रेशन सुविधा तथा वाई-फाई युक्त ग्रीन कैंपस जैसी पहल उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं। प्रो. राय ने शेखावाटी विवि में छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्र, अतिथि गृह, कैंटीन और ज्ञान उद्यान जैसी सुविधाओं विकसित की। नई शिक्षा नीति के अनुरूप रोजगारपरक एवं आधुनिक पाठ्यक्रमों की शुरुआत तथा शोध गतिविधियों के विस्तार पर भी विशेष जोर दिया गया।
*उच्च शिक्षा और पत्रकारिता में लंबा अनुभव*
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा में जनसंचार के वरिष्ठ प्रोफेसर रहे प्रो. अनिल राय उच्च शिक्षा, शोध, मीडिया और विश्वविद्यालय प्रशासन का व्यापक अनुभव रखते हैं। वे महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के कार्यकारी कुलपति एवं प्रतिकुलपति सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों में महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। वे वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में जनसंचार विभाग के संस्थापक अध्यक्ष तथा कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया अध्ययन विभाग के अध्यक्ष भी रहे हैं।
*21 पुस्तकों के लेखक और दो पीएचडी भी*
प्रो. राय को शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वाइस चांसलर ऑफ द ईयर अवार्ड, भारत ज्योति पुरस्कार, संचार श्री पुरस्कार, उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान और विदर्भ भूषण पुरस्कार सहित अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। वे 21 पुस्तकों के लेखक, संपादक एवं संचयक हैं तथा दो विषयों में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर चुके हैं।

-------------------------------------------------------------------------------------------
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

