राज्य

यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर खूनी खेल! चार बाइकों पर आए हमलावरों ने पिता-पुत्र को गोलियों से भूना, पुरानी हत्या का बदला लेने की आशंका

देहरादून: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित अबदीपुर गांव में रविवार शाम सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से दहशत फैल गई। चार बाइकों पर सवार होकर आए हमलावरों ने घर के बाहर खड़े पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमले में दोनों की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गांव में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।

गन्ने की ट्राली भरवा रहे थे सुखविंदर, तभी हुआ हमला

मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र के दादूपुर गांव निवासी 30 वर्षीय सुखविंदर अपने परिवार के साथ उत्तराखंड के अबदीपुर गांव में रह रहे थे। रविवार शाम वह घर के बाहर खड़े होकर गन्ने की ट्राली भरवा रहे थे। इसी दौरान चार बाइकों पर सवार होकर हमलावर वहां पहुंचे और सुखविंदर पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

फायरिंग की आवाज सुनकर उनके 65 वर्षीय पिता मुख्तार घर से बाहर आए तो हमलावरों ने उन्हें भी गोली मार दी। इसके बाद घायल पड़े सुखविंदर के सिर से सटाकर एक और गोली मारी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर बाइकों से फरार हो गए।

गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पिता-पुत्र को अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोहरी हत्या की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। परिवार में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए।

चार हमलावरों की पहचान का दावा, पुलिस की दबिश

दो लोगों की हत्या की सूचना पर एसएसपी सूरज कुमार राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर वारदात की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसएसपी के मुताबिक, परिजनों ने चार हमलावरों की पहचान की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पुरानी रंजिश सहित सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

मोनू गुर्जर हत्याकांड से जुड़ रही वारदात की कड़ी

ग्रामीणों के मुताबिक, पिता-पुत्र की हत्या के पीछे करीब एक साल पुरानी रंजिश हो सकती है। 11 सितंबर 2025 को मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र स्थित दादूपुर गांव में मोनू गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सुखविंदर और उसका भाई बलजिंदर भी आरोपी बनाए गए थे। दोनों को जेल जाना पड़ा था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही दोनों भाई जमानत पर बाहर आए थे।

ग्रामीणों का दावा है कि मोनू गुर्जर की हत्या का बदला लेने के लिए सुखविंदर और उसके पिता को निशाना बनाया गया। परिजनों ने मोनू गुर्जर के भाई अंकुर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अंकुर को हमलावरों के साथ देखा गया था और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

देहरादून में युवती की हत्या, तीन दिन बाद भी पहचान नहीं

देहरादून के जामुनवाला हत्याकांड में तीन दिन बीतने के बाद भी मृत युवती की पहचान नहीं हो सकी है। रविवार को डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद प्रेमनगर थाना पुलिस ने देर शाम युवती का अंतिम संस्कार कर दिया। पहचान और जांच के लिए डीएनए सैंपल, कपड़े और अस्थियां सुरक्षित रखी गई हैं।

एसओ प्रेमनगर गिरीश नेगी के मुताबिक, पोस्टमार्टम में युवती की गला रेतकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। हत्यारे ने उसके गले पर कई वार किए थे और चेहरे पर भी कई कट लगाए थे। इससे चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। पुलिस ने जांच के लिए डीएनए सैंपल और कपड़े सुरक्षित रखवाए हैं। साथ ही अस्थियां भी संभालकर रखी गई हैं, ताकि पहचान होने पर परिजन आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकें।

संदिग्ध एसयूवी की तलाश में छह पुलिस टीमें

बीते बुधवार देर शाम जामुनवाला के जंगल में कूड़े के ढेर से करीब 28 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ था। शव सीमेंट के कट्टों और पॉलिथीन से ढका हुआ था। पुलिस अभी तक सीसीटीवी में दिखाई दिए संदिग्ध कार चालक तक नहीं पहुंच सकी है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस संदिग्ध एसयूवी के रूट की जांच कर रही है। युवती के हाथ पर बने पुराने टैटू के जरिए भी उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हत्याकांड का खुलासा करने के लिए छह पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be