धर्म

देव दीपावली 2026: आज इस शुभ मुहूर्त में करें दीपदान, घर में आएगी सुख-समृद्धि; जानें पूजा विधि और महत्व

नई दिल्ली: देव दीपावली का पावन पर्व आज 24 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाया जा रहा है। यह पर्व हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। हिंदू धर्म में देव दीपावली का विशेष महत्व माना गया है। इसे देव दिवाली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था। भगवान शिव की विजय की खुशी में देवी-देवताओं ने काशी में दीप जलाकर उत्सव मनाया था। तभी से देव दीपावली मनाने की परंपरा शुरू हुई।

वाराणसी में देव दीपावली का सबसे भव्य आयोजन देखने को मिलता है। इस दिन गंगा घाटों को हजारों दीपों से सजाया जाता है और शाम होते ही पूरा काशी क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठता है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस दिव्य दृश्य को देखने पहुंचते हैं।

इस दिन भगवान शिव, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है। वहीं, शाम के समय दीपदान करना बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि देव दीपावली पर विधि-विधान से दीपदान करने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है।

देव दीपावली 2026 का शुभ मुहूर्त

पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर की रात 11 बजकर 42 मिनट से शुरू हो चुकी है। वहीं, पूर्णिमा तिथि का समापन 24 नवंबर की रात 8 बजकर 23 मिनट पर होगा।

देव दीपावली के शुभ मुहूर्त इस प्रकार हैं—

ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:03 बजे से 5:57 बजे तक

अभिजित मुहूर्त: सुबह 11:47 बजे से दोपहर 12:29 बजे तक

गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:22 बजे से 5:49 बजे तक

देव दीपावली पर दीपदान का सही समय

देव दीपावली के दिन प्रदोष काल में दीपदान करना सबसे शुभ माना जाता है। इस बार 24 नवंबर को प्रदोष काल शाम 5 बजकर 8 मिनट से रात 7 बजकर 47 मिनट तक रहेगा।

इस दौरान घर, मंदिर या किसी पवित्र नदी के किनारे दीप जलाकर दीपदान किया जा सकता है। धार्मिक मान्यता है कि इस समय दीपदान करने से विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है।

देव दीपावली की पूजा विधि

देव दीपावली के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें। इसके बाद घर के पूजा स्थल की सफाई करें और पूजा की चौकी पर लाल या पीले रंग का कपड़ा बिछाएं।

चौकी पर भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की तस्वीर या प्रतिमा स्थापित करें। सबसे पहले भगवान शिव का गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक करें। इसके बाद उन्हें बेलपत्र, धतूरा, चंदन और पुष्प अर्पित करें।

माता पार्वती को सिंदूर और फूल चढ़ाएं। भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को पीले-लाल फूल, फल, मिठाई और तुलसी दल अर्पित करें। इसके बाद देवी-देवताओं के सामने घी का दीपक जलाकर धूप-अगरबत्ती करें।

पूजा के दौरान ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है। अंत में भगवान शिव, विष्णु और माता लक्ष्मी की आरती करें।

देव दीपावली पर इन जगहों पर जरूर जलाएं दीपक

देव दीपावली की शाम दीपदान के लिए विशेष मानी जाती है। इस दिन इन स्थानों पर दीप जलाना शुभ माना जाता है—

  • तुलसी के पौधे के पास घी या तिल के तेल का दीपक
  • घर के मंदिर में दीपक
  • मुख्य दरवाजे पर दीपक
  • रसोई और पानी रखने वाली जगह के पास दीपक
  • शिव मंदिर में दीपदान
  • नदी या तालाब के किनारे दीपदान

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देव दीपावली पर 5, 7, 11, 51 या 101 मिट्टी के दीपक जलाना शुभ माना जाता है। दीप जलाने के लिए सरसों या तिल के तेल का इस्तेमाल करना लाभकारी माना गया है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be