चारधाम के कपाट बंद होने पर भी नहीं रुकेंगे दर्शन, अगले 6 महीने इन 4 जगहों पर विराजेंगे गंगा-यमुना और बाबा केदार
देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के कपाट सर्दियों के लिए बंद होने के बाद भी श्रद्धालुओं को देवी-देवताओं के दर्शन के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा के तहत चारों धाम के देवी-देवताओं के शीतकालीन प्रवास स्थल निर्धारित हैं। कपाट बंद होने के बाद उनकी उत्सव डोलियों को पूरे विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ इन स्थानों पर पहुंचाया जाता है। इसके बाद अगले छह महीने तक श्रद्धालु मुखबा, खरसाली, उखीमठ और ज्योतिर्मठ पहुंचकर पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकेंगे।
मुखबा में होंगे मां गंगा के दर्शन
गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली उत्तरकाशी जिले के मुखबा गांव पहुंचती है। इस गांव को मां गंगा का शीतकालीन निवास और मायका माना जाता है। हर्षिल घाटी के नजदीक स्थित मुखबा धार्मिक आस्था के साथ अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी जाना जाता है।
गांव के आसपास देवदार और चीड़ के घने जंगल, बहती भागीरथी नदी और बर्फ से ढकी पहाड़ियां इसकी खूबसूरती बढ़ाती हैं। सर्दियों के दौरान श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां गंगा के दर्शन कर सकते हैं। अगले छह महीने तक मुखबा में नियमित रूप से धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना की जाती है।
खरसाली में विराजेंगी मां यमुना
यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली उत्तरकाशी जिले के खरसाली गांव लाई जाती है। इस स्थान को खुशीमठ भी कहा जाता है और धार्मिक मान्यता के अनुसार इसे मां यमुना का मायका माना जाता है।
परंपरा के मुताबिक, भाई दूज के दिन यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां यमुना को खरसाली लाया जाता है। इसके बाद अगले छह महीने तक श्रद्धालु यहीं मां यमुना के दर्शन और पूजा कर सकते हैं। खरसाली अपनी प्राचीन धार्मिक मान्यताओं और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए भी खास पहचान रखता है।
उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे बाबा केदार के दर्शन
बाबा केदारनाथ के भक्तों के लिए भी शीतकाल में दर्शन की व्यवस्था रहती है। केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह डोली को रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर लाया जाता है।

उखीमठ को बाबा केदारनाथ का शीतकालीन गद्दी स्थल माना जाता है। यहां अगले छह महीने तक भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना की जाती है। इस दौरान श्रद्धालु ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर सकते हैं। धार्मिक मान्यताओं में इस स्थान का विशेष महत्व है।
ज्योतिर्मठ के नृसिंह मंदिर में होगी बद्रीविशाल की पूजा
बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान बद्रीविशाल की शीतकालीन पूजा ज्योतिर्मठ यानी जोशीमठ स्थित नृसिंह मंदिर में होती है। अगले छह महीने तक इसी मंदिर में पूजा की परंपरा निभाई जाती है।
इस दौरान आदि शंकराचार्य की गद्दी और गरुड़ जी की मूर्ति भी यहां विराजमान रहती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद रहने के दौरान मंदिर के गर्भगृह में देवर्षि नारद भगवान की पूजा करते हैं।
सर्दियों में भी जारी रहती है चारधाम की धार्मिक परंपरा
चारधाम के कपाट बंद होने का मतलब यह नहीं है कि श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का रास्ता भी बंद हो जाता है। उत्तराखंड की सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार, सर्दियों में चारों धाम के देवी-देवता अपने निर्धारित शीतकालीन प्रवास स्थलों पर विराजमान रहते हैं।
मुखबा, खरसाली, उखीमठ और ज्योतिर्मठ इस दौरान श्रद्धालुओं के प्रमुख धार्मिक केंद्र बन जाते हैं। यही व्यवस्था उत्तराखंड की शीतकालीन चारधाम परंपरा को विशेष बनाती है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
