श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ब्रज को CM योगी देंगे 1051 करोड़ की 229 विकास योजनाओं की सौगात, 62 परियोजनाओं का लोकार्पण और 167 का शिलान्यास
मथुरा: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय मथुरा प्रवास पर पहुंचेंगे। इस दौरान ब्रज क्षेत्र को करीब 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी। इनमें 540 करोड़ रुपये से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण और 437 करोड़ रुपये की 167 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को 72 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि वितरित करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी, चेक और प्रमाण पत्र भी सौंपे जाएंगे।
श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 सितंबर को दोपहर में राजकीय हेलीकॉप्टर से वृंदावन स्थित पवनहंस हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे गीता शोध संस्थान जाएंगे और नवनिर्मित अत्याधुनिक श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण करेंगे। इस प्रेक्षागृह में एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

संतों से मुलाकात और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रो-पुअर प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और वृक्षारोपण के साथ संतों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराएंगे। विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक वितरित करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यों की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे।
‘कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग’ का करेंगे अवलोकन
समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री वृंदावन के होटल विवान्ता में आयोजित ‘पंचायत आज तक’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद वृंदावन में विकसित किए गए ‘कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग’ का भ्रमण और अवलोकन करेंगे। कार्यक्रमों के बाद शाम को मुख्यमंत्री पं. दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, मथुरा पहुंचेंगे और परिसर स्थित अशोका अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।
-------------------------------------------------------------------------------------------
श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन और गो पूजन करेंगे मुख्यमंत्री
शुक्रवार 4 सितंबर की सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री कृष्ण जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे। यहां सबसे पहले गो पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्य मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर विशेष पूजन-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मथुरा से प्रस्थान करेंगे।

