Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक केन्द्र ने प्राप्त किया प्रथम स्थान: लवी सिंह ने किया 40 विश्वविद्यालयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

बरेली,11अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत-विकसित भारत की संकल्पना” विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का आयोजन 07 अक्टूबर 2026 को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, लखनऊ में किया गया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के लगभग 40 विश्वविद्यालयों के 120 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का आयोजन दो चरणों में किया गया। प्रथम चरण में सभी प्रतिभागियों ने विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए, जिसके पश्चात उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 12 प्रतिभागियों का चयन द्वितीय चरण के लिए किया गया। द्वितीय चरण में चयनित 12 प्रतिभागियों के मध्य कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने प्रभावशाली भाषण कौशल, तार्किक प्रस्तुतीकरण एवं विकसित भारत के निर्माण की अपनी संकल्पना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र की छात्रा लवी सिंह ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। लवी सिंह ने विकसित भारत के निर्माण, युवा शक्ति, शिक्षा, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न आयामों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
कुलपति जी ने सांस्कृतिक केन्द्र की राज्य स्तरीय उपलब्धि की सराहना की:-

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अनिल कुमार राय ने लवी सिंह को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि “राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की छात्रा लवी सिंह द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में है। लवी सिंह की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा को निखारने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगी।”

कुलसचिव द्वारा दी गई बधाई :-

कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह ने लवी सिंह को बधाई देते हुए कहा कि “राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाने वाली लवी सिंह की सफलता उनके परिश्रम, प्रतिभा और प्रभावी प्रस्तुतीकरण का परिणाम है। ऐसी उपलब्धियां विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ-साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता को भी सुदृढ़ करती हैं।”

सांस्कृतिक समन्वयक और नोडल अधिकारी डॉ. ज्योति पाण्डेय ने बताया इसे उल्लेखनीय उपलब्धि :-

विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समन्वयक और सेवा संकल्प अभियान की नोडल अधिकारी डॉ. ज्योति पाण्डेय ने कहा कि आज राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मेरे साथ सांस्कृतिक केन्द्र के तीन विजेता प्रतिभागी लखनऊ आये है। सभी का प्रदर्शन उत्तम रहा। रलवी सिंह की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के लिए विशेष गर्व का क्षण है। राज्य स्तरीय मंच पर 40 विश्वविद्यालयों के 120 से अधिक प्रतिभागियों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त करना उनकी भाषण-कला, विषय की समझ, आत्मविश्वास और समसामयिक राष्ट्रीय दृष्टि का प्रमाण है। सुनैना सक्सेना और अभय सिंह ने भी इस प्रतियोगिता के प्रथम चरण में बेहतर और सराहनीय प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति, नेतृत्व, रचनात्मकता और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र विद्यार्थियों को निरंतर ऐसे अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।”
लवी सिंह की इस राज्य स्तरीय उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय, प्रो.अमित कुमार सिंह, सांस्कृतिक समिति के सदस्यों, संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा विश्वविद्यालय कल्चरल क्लब के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। लखनऊ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो.अजय तनेजा, कुलपति ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ, प्रो. बी. एल.शर्मा, संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा उत्तर प्रदेश तथा प्रो. डी.के.राजपूत, अपर सचिव उच्च शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश , प्रो.सरिता सिंह, समन्वयक आदि उपस्थित रहे।विश्वविद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी तथा “विकसित भारत @2047” के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी को और मजबूत करेगी। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------