सोनिया गांधी की किताब पर सिख समुदाय का विरोध, दिल्ली में प्रदर्शनकारियों ने ‘बिलॉन्गिंग’ की प्रतियां जलाईं
नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर दिल्ली में विवाद खड़ा हो गया है। किताब में 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े उल्लेख पर सिख संगठनों और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सदस्यों ने नाराजगी जताई है। विरोध में प्रदर्शनकारियों ने पुस्तक की प्रतियां जलाईं और सोनिया गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस पर इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया।वहीं, कांग्रेस ने 1984 के दंगों को भारतीय इतिहास का शर्मनाक अध्याय बताया है। पार्टी का आरोप है कि विपक्षी दल चुनावी माहौल में इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में क्या लिखा?

मंगलवार को जारी हुई आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में सोनिया गांधी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों को देश के इतिहास का दुखद और शर्मनाक दौर बताया है। किताब में उन्होंने अपने पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का उल्लेख करते हुए लिखा है कि उनके मन में किसी तरह की कट्टरता या द्वेष नहीं था।
सोनिया गांधी के मुताबिक, राजीव गांधी ऐसे ऐतिहासिक दौर में धकेल दिए गए थे, जब शासन व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी थी। इसी विफलता ने बर्बरता का रास्ता खोल दिया था।
इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भड़की थी हिंसा
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की खबर तेजी से फैली थी। उनके अनुसार, इससे पहले कई लोगों ने जरनैल सिंह भिंडरांवाले के मारे जाने का स्वागत किया था, लेकिन इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हालात पूरी तरह बदल गए।

दोपहर तक दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के साथ राजधानी के बाहर भी हिंसा फैल गई। इस दौरान निर्दोष सिखों को निशाना बनाकर हमले किए गए। सोनिया गांधी के अनुसार, अकेले दिल्ली में ही इस हिंसा के दौरान 2,000 से अधिक लोगों की जान चली गई थी।
ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद बिगड़े थे हालात
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके दो सिख सुरक्षाकर्मियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे कुछ महीने पहले जून 1984 में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर परिसर में मौजूद अलगाववादियों के खिलाफ भारतीय सेना ने ऑपरेशन ब्लू स्टार चलाया था।
इस सैन्य कार्रवाई से सिख समुदाय के एक बड़े हिस्से की धार्मिक भावनाएं आहत हुई थीं। इंदिरा गांधी की हत्या को इसी कार्रवाई की प्रतिक्रिया के तौर पर देखा गया। उनकी हत्या के बाद देश के कई हिस्सों में सिख विरोधी हिंसा भड़क उठी थी।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
