आर.जी.आई.पी.टी. के 7वें दीक्षांत समारोह का आयोजन 17 नवंबर 2023 को

राजीव गाँधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी), जायस, अमेठी में 7वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर आज प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक आचार्य अखौरी सुधीर कुमार सिन्हा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि संस्थान के 7वें दीक्षांत समारोह का आयोजन 17 नवम्बर 2023 को किया गया है। इस अवसर पर अकादमिक वर्ष 2023 में उत्तीर्ण हुए कुल 193 छात्र-छात्राओं को उपाधि एवं मेडल प्रदान किये जाएंगे, जिनमें से 155 छात्र आर.जी.आई.पी.टी. जायस मुख्य कैम्पस से एवं शेष 38 छात्र इसके ऊर्जा संस्थान, बंगलुरु केन्द्र से उत्तीर्ण हुए हैं। 7वें दीक्षांत समारोह के दौरान उपाधि प्राप्त करने वालों में पीएच.डी के 10, एम.बी.ए. के 18, एम.टेक. पेट्रोलियम आभियांत्रिकी एवं भूअभियांत्रिकी के 06, विद्युत वाहन प्रौद्योगिकी के 14, ऊर्जा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के 07, शक्ति एवं ऊर्जा प्रणाली अभियाांत्रिकी के 06, नवीकरणीय ऊर्जा के 11, बी.टेक. रासायनिक अभियांत्रिकी एवं जैव-रासायनिक अभियांत्रिकी के 62 एवं बी.टेक. पेट्रोलियम आभियांत्रिकी एवं भूअभियांत्रिकी के 59 छात्र-छात्राएँ होंगे इस अवसर पर अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को राष्ट्रपति पदक, निदेशक पदक एवं संस्थान पदकों से भी सम्मानित किया जाएगा, जो निम्नवत् है-

(क) राष्ट्रपति स्वर्ण पदक (बी. टेक 2023 के समस्त पाठ्यक्रमों में अकादमिक उत्कृष्टता)- श्री चिराग जैन
(ख) निदेशक स्वर्ण पदक (बी. टेक 2023 के समस्त पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट सर्वांगीण प्रदर्शन)- श्री गौरव भाटिया
(ग) संस्थान स्वर्ण पदक-
1. बी. टेक – रासायनिक अभियांत्रिकी परीक्षा 2023 में प्रथम- श्री अभिजीत आनंद
2. बी. टेक – पेट्रोलियम अभियांत्रिकी परीक्षा 2023 में प्रथम- श्री रामेन्द्र पाण्डेय
3. एम. टेक – नवीकरणीय ऊर्जा परीक्षा 2023 में प्रथम- श्री प्रत्युष आनंद
4. एम. टेक – ऊर्जा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परीक्षा 2023 में प्रथम- श्री मानस ज्योति डेका
5. एम. टेक – विद्युत वाहन प्रौद्योगिकी परीक्षा 2023 में प्रथम- श्री निलेश गुप्ता
6. एम. टेक – शक्ति एवं ऊर्जा प्रणाली परीक्षा 2022 में प्रथम- सुश्री स्वाती जैन
7. व्यवसाय प्रशासन परास्नातक परीक्षा 2023 में प्रथम- श्री मोहम्मद फहद मसूद खान

अकादमिक वर्ष 2023 में उत्तीर्ण हुए कुल 193 छात्रों में 19 छात्राएँ हैं। इसके अलावे, इस बैच में अनुसूचित जाति वर्ग के 25 एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग 06 छात्र उर्त्तीर्ण हुए हैं। कल आयोजित हो रहे दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश के 41 छात्र-छात्राएँ भी अपना उपाधि प्राप्त करेंगे जबकि शेष देश के अलग-अलग राज्यों के छात्र हैं। इस बैच में रायबरेली के रहने वाले 01 छात्र भी उत्तीर्ण हुए हैं।

इस अवसर पर पद्म विभूषण आचार्य मनमोहन शर्मा मुख्य अतिथि एवं आई.आई.टी. दिल्ली के सेवानिवृत आचार्य डॉ. के. डी. पी. निगम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे एवं छात्रों को उपाधि प्रदान करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक एवं संचालक मण्डल के कार्यवाहक अध्यक्ष आचार्य अखौरी सुधीर कुमार सिन्हा करेंगे एवं संस्थान का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि संस्थान शिक्षण एवं शोध संरचना के विकास के क्षेत्र में काफी कार्य कर रहा है और उसी के परिणामस्वरूप जहाँ 2019 में 110 बच्चों का नामांकन हो रहा था वह बढ़कर 2023 में 510 हो गया है। उसी प्रकार 2 बी.टेक. पाठ्यक्रम के स्थान पर अभी 11 पाठ्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं और छात्र-छात्राओं के लिए अब 1100 की जगह 2300 बच्चों के रहने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावे संस्थान शोध क्षेत्र में काफी कार्य कर रहा है और जिसका परिणाम जल्द ही देखने को मिलेंगे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper