उत्तर प्रदेशराज्य

उन्नाव में शोभायात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा, जनरेटर में फंसे महिला के बाल; सिर की खाल तक उखड़ी

उन्नाव: गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकली शोभायात्रा के दौरान रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगाघाट के प्रेमनगर में यात्रा में शामिल एक महिला के खुले बाल चलते जनरेटर के घूमते हिस्से में फंस गए। जनरेटर की रफ्तार के साथ बाल खिंचते चले गए और सिर की खाल समेत उखड़ गए। हादसे के बाद महिला बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ी। गंभीर हालत में उसे कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया।

घटना प्रेमनगर इलाके की बताई जा रही है। कल्लो सोनकर के अनुसार, घर के बाहर गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई थी। रविवार को प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली गई थी। इसमें शामिल होने के लिए गांधी नगर निवासी उनकी भतीजी बच्चा सोनकर भी आई थीं। श्रद्धालु शोभायात्रा के साथ कानपुर के गोलाघाट की ओर जा रहे थे।

घूमते शाफ्ट में फंस गए खुले बाल

शोभायात्रा जब नवीन पुल के पास पहुंची, तभी बच्चा सोनकर के खुले बाल जनरेटर के घूमते शाफ्ट के अगले हिस्से में लगे गोल हत्था लगाने वाले हब में फंस गए। इसके बाद बाल तेजी से घूमते हिस्से में लिपटते चले गए। अचानक बाल खिंचने से महिला के सिर की खाल भी उखड़ गई। हादसे के बाद शोभायात्रा में अफरा-तफरी मच गई।

महिला मौके पर ही बेहोश हो गई। आनन-फानन में उसे कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों के मुताबिक, बच्चा सोनकर के पति मोना लखनऊ में निजी नौकरी करते हैं और उनके एक बेटा और एक बेटी हैं।

दो साल पहले कन्नौज में भी हुआ था ऐसा हादसा

-------------------------------------------------------------------------------------------

कन्नौज में 2024 में मेले के झूले में 14 वर्षीय किशोरी अनुराधा के बाल फंस गए थे। झूला रुकने तक उसके बाल सिर की खाल समेत उखड़ गए थे। गंभीर हालत में किशोरी को मेडिकल कॉलेज से पीजीआई लखनऊ रेफर किया गया था। कई दिनों के इलाज के बाद उसकी जान बचाई जा सकी थी।

महाराष्ट्र में भी महिला के बाल फंसने से हुआ था हादसा

महाराष्ट्र के यवतमाल में भी ऐसा ही हादसा सामने आया था। 25 वर्षीय बाली मारोती तालिकोटे के बाल जायंट व्हील की बेयरिंग में फंस गए थे। झूला चलता रहने के कारण उनके सिर की खाल का बड़ा हिस्सा उखड़ गया था।

इसके अलावा अप्रैल 2026 में शामली में झूले की सपट में एक बच्ची की चोटी फंस गई थी और उसके बाल सिर की खाल समेत उखड़ गए थे। मार्च 2022 में महाराष्ट्र के महाड में मेले के दौरान एक महिला के बाल झूले की सीट में फंस गए थे और उसके आधे बाल खाल समेत अलग हो गए थे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------