कम हो जाएगा ब्लड शुगर और हार्ट प्रॉब्लम का रिस्क, जानिए अंकुरित चने के फायदे

अंकुरित काले चने को सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। सभी दालों की तरह ये भी प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। साथ ही ये कार्बोहाइड्रेट, फैट, फाइबर और कैल्शियम जैसे पोषक तत्वों से भी भरपूर होता है। यह शरीर को स्वस्थ और ताकतवर तो बनाता ही है, साथ ही कई तरह की बीमारियों को भी दूर करने में मदद करता है। सबसे अच्छी बात ये है कि ये सस्ता और सुलभ है, जो सभी जगह आसानी से मिल जाता है। रोज सुबह खाली पेट अंकुरित चने खाने से डेली लाइफ की समस्याओं को दूर किया जा सकता है। आईये आपको बताएं इसके कुछ कमाल के फायदे

अंकुरित चने का सेवन करने से इम्युनिटी को मजबूत बनाया जा सकता है। मजबूत इम्युनिटी शरीर को कई वायरल संक्रमण से बचाने में मदद कर सकती है। अंकुरित चनों में विटामिन A, B6 और C के साथ फाइबर, मैंगनीज, राइबोफ्लेविन, कॉपर, प्रोटीन, थियामिन, नियासिन, पैंटोथेनिक एसिड, आयरन, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस और पोटेशियम जैसे पोषक तत्व भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इस वजह से इसके सेवन के शरीर को लगभग सभी पोषक तत्व मिल जाते हैं और इम्युनिटी मजबूत होती है।

अंकुरित चने एंटीऑक्सिडेंट और एंथोसायनिन के साथ-साथ फाइटोन्यूट्रिएंट्स का बढ़िया स्रोत हैं। यही वजह है कि इनके नियमित सेवन से ब्लड वेसेल्स को हेल्दी रखने में मदद मिलती है और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कम होता है जिससे हार्ट डिजीज का जोखिम घटता है। इसके अलावा इसमें घुलनशील फाइबर होते हैं। कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाला यह फूड ब्लड शुगर को बढ़ने से रोकता है। यह डायबिटीज के मरीजों के लिए बहुत ज्यादा फायदेमंद है। इसके नियमित सेवन से हीमोग्लोबीन लेवल को बढ़ाता है। इसे हर रोज खाने से खून की कमी और शरीर की कमजोरी दूर होती है।

अंकुरित चने को पाचन के लिए अच्छा माना जाता है। अंकुरित चने कार्बोहाइड्रेट और फाइबर से भरपूर होते हैं। कार्बोहाइड्रेट और फाइबर के सेवन से पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है। यही वजह है कि इसके नियमित सेवन से कब्ज और इससे होने वाली बवासीर रोग की रोकथाम में मदद मिल सकती है। इतना ही नहीं इसके सेवन से खून की कमी को भी दूर किया जा सकता है।

अंकुरित चनों में विटामिन B 6 यानी पाइरिडोक्सिन के साथ-साथ कोलीन से भरपूर होता है। चने के यह तत्व दिमाग के कामकाज को बढ़ावा देते हैं, सोचने-समझने की क्षमता में सुधार करते हैं। याददाश्त मजबूत करते हैं और एकाग्रता में भी सुधार होता है।

काले चने को जैसे चाहें का सकते हैं। वैसे तो अंकुरित चने को सबसे लाभदायक माना जाता है, लेकिन इसे खाने के कई तरीके हैं। कुछ लोग इसे भूनकर खाना पसंद करते हैं तो कुछ उबालकर, तलकर या सब्जी के रूप में खाते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक भीगे हुए या अंकुरित चने सबसे ज्यादा फायदेमंद होते हैं। अगर भीगे हुए चने के साथ गुड़ का भी सेवन किया जाए तो जबरदस्त फायदे मिल सकते हैं। अगर किसी के शरीर में आयरन या हीमोग्लोबिन की कमी हो, तो उसे चने का सेवन जरूर करना चाहिए। गुड़ में भी आयरन प्रचुर मात्रा में होता है, जिससे एनीमिया की समस्या दूर होती है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper