क्रिप्टो ठगी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, Binance P2P पर यूएसडीटी खरीदने का झांसा देकर लाखों की धोखाधड़ी; 4 गिरफ्तार
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी के जरिए ठगी करने वाले एक गैंग का खुलासा किया है। दक्षिण-पश्चिम जिले की साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग Binance P2P प्लेटफॉर्म पर यूएसडीटी खरीदने का झांसा देकर कारोबारियों को फंसाता था और फिर फिशिंग लिंक के जरिए उनके क्रिप्टो वॉलेट से रकम निकाल लेता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, एक आईपैड, वाई-फाई राउटर, छह सिम कार्ड और 1.62 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एक कारोबारी के क्रिप्टो वॉलेट से 4985 यूएसडीटी यानी करीब पांच लाख रुपये निकाल लिए थे। पुलिस ने ठगी की रकम पीड़ित को वापस करा दी है।
Binance P2P पर खरीदार बनकर करते थे ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग का सरगना Binance P2P प्लेटफॉर्म पर खरीदार बनकर क्रिप्टो कारोबारियों से संपर्क करता था। बातचीत को वॉट्सऐप पर ले जाने के बाद वह यूएसडीटी खरीदने के बहाने फिशिंग लिंक भेजता था।
जैसे ही पीड़ित उस लिंक पर क्लिक करता था, आरोपी उसके क्रिप्टो वॉलेट तक पहुंच बना लेते थे और उसमें मौजूद डिजिटल करेंसी को अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते थे।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि एक कारोबारी ने 2 जुलाई को साइबर थाना पुलिस में ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसने 6 जून 2026 को Binance P2P पर यूएसडीटी बेचने का ऑर्डर लगाया था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने खरीदार बनकर उससे संपर्क किया। बाद में बातचीत वॉट्सऐप पर शुरू हुई और आरोपी ने यूएसडीटी खरीदने के लिए एक लिंक भेजा।
लिंक पर क्लिक करने के बाद आरोपी ने पीड़ित के खाते तक पहुंच बनाई और उसके वॉलेट से 4985 यूएसडीटी की अवैध निकासी कर ली।
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना एसएचओ प्रवेश कौशिक की टीम ने ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी जांच में अलवर से जुड़े तार
मामले की जांच एसआई अमित मलिक की टीम को सौंपी गई। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल और वॉट्सऐप नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया।

जांच में पता चला कि यह गिरोह राजस्थान के अलवर से संचालित हो रहा था। पुलिस ने सबसे पहले मुख्य आरोपी अतुल मीणा के ठिकाने पर छापेमारी की, लेकिन वह वहां नहीं मिला।
तलाशी के दौरान पुलिस को 1.62 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक आईपैड, एक जियो वाई-फाई राउटर और पांच सिम कार्ड मिले।
इसके बाद पुलिस ने जयपुर से आरोपी जगमोहन मीणा, नरेंद्र कुमार मीणा और मनीष मीणा को गिरफ्तार किया। इनके पास से आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए। लगातार दबिश के बाद मुख्य आरोपी अतुल मीणा को दिल्ली के धौलाकुआं इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
किराये पर लेते थे Binance खाते
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मुनाफे में हिस्सेदारी के आधार पर काम करते थे। जगमोहन, नरेंद्र और मनीष सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देकर ऐसे लोगों से संपर्क करते थे, जो Binance खाते किराये पर उपलब्ध कराते थे।
इन खातों के जरिए यूएसडीटी बेचने वाले कारोबारियों से संपर्क किया जाता था। कारोबारियों के वॉट्सऐप नंबर हासिल करने के बाद उन्हें अतुल मीणा को दिया जाता था।
इसके बाद अतुल खुद को खरीदार बताकर बातचीत करता था और फिशिंग लिंक भेजकर क्रिप्टो वॉलेट से रकम निकाल लेता था।
अन्य वारदातों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है। इसके अलावा क्रिप्टो लेनदेन और संबंधित एक्सचेंज वॉलेट की भी जांच की जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने इस तरीके से कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है। अब जांच के जरिए आरोपियों की अन्य वारदातों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
