Featured NewsTop Newsराजनीतिराज्य

खटीमा में धामी की हार के बाद BJP ने बदली रणनीति, ओबीसी वोटरों को साधने उतरेंगे MP CM मोहन यादव; 2027 चुनाव पर नजर

खटीमा: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में पार्टी अब ओबीसी मतदाताओं के बीच पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव गुरुवार को खटीमा पहुंच रहे हैं। वह यहां ओबीसी बहुल मेलाघाट क्षेत्र के अशोक फार्म में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरे को खटीमा में भाजपा के जातीय और सामाजिक समीकरण मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

धामी की चुनावी हार के बाद खटीमा पर BJP का खास फोकस

खटीमा विधानसभा सीट भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जाती है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इसी सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस प्रत्याशी भुवन चंद्र कापड़ी ने उन्हें चुनाव में शिकस्त दी थी। हालांकि, बाद में धामी मुख्यमंत्री बने रहे। अब भाजपा आगामी चुनाव में इस सीट पर दोबारा जीत हासिल करने के लिए पहले से ही राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुट गई है।

खटीमा में करीब 10 हजार ओबीसी मतदाताओं पर नजर

खटीमा विधानसभा क्षेत्र में ओबीसी वर्ग के करीब 10 हजार मतदाता बताए जाते हैं। इनमें यादव, मौर्य और राजभर समाज के लोगों की अच्छी संख्या है। क्षेत्र के मेलाघाट, बंडिया, नौसर, सत्रहमील, सिसैया, खिलाड़िया, खाली महुवट, झनकईया, झाऊपरसा, बगुलिया और अशोक फार्म जैसे इलाकों में ओबीसी और पूर्वांचल समाज के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं।

भाजपा मोहन यादव के कार्यक्रम के जरिए इन समुदायों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है। पार्टी की कोशिश है कि सम्मेलन के माध्यम से अलग-अलग सामाजिक समूहों को एक मंच पर लाकर संगठन की ताकत और जनसमर्थन का प्रदर्शन किया जाए।

जातीय समीकरण मजबूत करने में जुटी भाजपा

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा खटीमा में जातीय और सामाजिक समीकरणों को साधने में जुटी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अपने गृह क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा रहे हैं और विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं। ऐसे में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का दौरा भी इसी चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

सम्मेलन के आयोजन की जिम्मेदारी जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य को सौंपी गई है। वह लगातार क्षेत्र में लोगों से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट भी तैयारियों में जुटे हैं। भाजपा आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है।

जेनी प्रकरण पर भी गरमाई उत्तराखंड की सियासत

इस बीच उत्तराखंड में जेनी प्रकरण को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बुधवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री और गदरपुर विधायक अरविंद पांडे ने इस मामले को गंभीर और चिंताजनक बताते हुए निष्पक्ष तथा उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

अरविंद पांडे ने कहा कि उत्तराखंड अपनी संस्कृति, सभ्यता और शांतिप्रिय वातावरण के लिए जाना जाता है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं प्रदेश की छवि और सामाजिक सौहार्द के लिहाज से चिंता का विषय हैं। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का नाम इस मामले में घसीटे जाने पर उन्होंने आपत्ति जताई और लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be