गांधी जयंती कार्यक्रमों की तैयारियों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश


बरेली, 27 सितम्बर। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कल राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्म दिवस समारोह 02 अक्टूबर 2026 को मनाए जाने के सम्बन्ध में कार्यक्रम निर्धारण की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि वर्षा की संभावना को देखते हुए गांधी जयंती के कार्यक्रमों में छोटे बच्चों को सम्मिलित न किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला स्तरीय प्रदर्शनी आयोजित कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदर्शनी से संबंधित फोटो एवं वीडियो को ‘मेरे सपनों का भारत’ हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर अपलोड किया जाए।
उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि मलिन बस्तियों में विशेष रूप से साफ-सफाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिला विकास अधिकारी को जनपद की समस्त विधानसभाओं में नुक्कड़ नाटक आयोजित कराने तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आशा बहुओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान समारोह आयोजित कराने के भी निर्देश दिए गए।
-------------------------------------------------------------------------------------------
बैठक में महात्मा गांधी जी ने जिस-जिस क्षेत्रों में विशेष कार्य किया था उन क्षेत्रों में विशेष आयोजन किये जायें जैसे- कुष्ठ आश्रम, वृद्धाश्रम में कार्यक्रमों का आयोजन व मलिन बस्तियों आदि की साफ-सफाई की जाये। उपयुक्त स्थानों पर वृक्षारोपण किया जाये तथा जो वृक्ष पहले से लगे हुये हैं उनकी सर्ववाइल के लिये कार्य किया जाये। इस विशेष दिन अहिंसा का पालन करें।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि प्रातः सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा व समस्त सरकारी/अर्द्ध सरकारी भवनों, कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में गाँधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र का अनावरण तथा माल्यार्पण एवं गाँधी जी तथा शास्त्री जी के विचारों पर प्रकाश डाला जायेगा। गाँधी जी के प्रिय भजन, ‘‘रघुपति राघव राजा राम‘‘ का सामूहिक गायन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर समस्त कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। नगर निगम द्वारा चौकी चौराहा स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा पार्क में साफ सफाई की उचित व्यवस्था करायी जायेगी। वन विभाग द्वारा जिन स्थानों पर पेड़ लगाये जायें वहां पर ट्री गार्ड की लगाने की व्यवस्था की जाये।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनीत शुक्ला सहित सम्बन्धित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

