*जिलाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने किया कार्यक्रम का किया अवलोकन* *टामसन कालेज परिसर में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी संदेशों को रंगोली के माध्यम से किया गया प्रदर्शित* *

गोण्डा 23 सितम्बर,2026*।
जनपद में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवा संकल्प अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इण्टर कालेज (टामसन) के परिसर में भव्य रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनआरएलएम विभाग के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, बेसिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों, माध्यमिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों तथा उद्यान विभाग द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियों का निर्माण किया गया। परिसर में भारत मंडल रंगोली, सेवा संकल्प अभियान की रंगोली तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं पर आधारित रंगोलियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और सेवा भावना को रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया। रंगोलियों ने विद्यालय परिसर की सुंदरता को भी आकर्षक रूप प्रदान किया तथा उपस्थित लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
कार्यक्रम का जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन तथा जिलाध्यक्ष भाजपा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा अवलोकन किया गया। उन्होंने परिसर में बनाई गई विभिन्न रंगोलियों को देखा तथा प्रतिभागियों द्वारा किए गए रचनात्मक प्रयासों की जानकारी ली। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा उत्साहपूर्वक किए गए प्रतिभाग की सराहना की गई।
-------------------------------------------------------------------------------------------
रंगोली के माध्यम से विभागीय योजनाओं एवं सेवा संकल्प अभियान के संदेश को जनसामान्य तक पहुंचाने की पहल को कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण माना गया। विद्यार्थियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपनी कला एवं रचनात्मकता के माध्यम से विभिन्न योजनाओं और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम ने विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय और सहभागिता को प्रदर्शित किया। प्रतिभागियों ने सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राम चन्द्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा अकबाल बहादुर तिवारी, महामंत्री राकेश तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

