तमिलनाडु में फिर बदलेंगे सियासी समीकरण? स्टालिन ने किया बड़ा दावा, बोले- जल्द बनेगी DMK की सरकार
चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में एक बार फिर सत्ता परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार के बीच प्रमुख विपक्षी दल द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम (डीएमके) ने जल्द सत्ता में वापसी का दावा किया है। पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन के इस बयान ने राज्य के सियासी माहौल को गरमा दिया है। खास बात यह है कि एक तरफ मुख्यमंत्री विजय दिल्ली दौरे पर थे, तो दूसरी ओर स्टालिन ने अपनी पार्टी की अगली सरकार बनने का भरोसा जताया।यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब विजय की ओर से अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के विधायकों के साथ अहम बैठक किए जाने की खबरें सामने आई थीं। बताया गया था कि इस बैठक में विधायकों को संभावित राजनीतिक उठापटक और सरकार के खिलाफ विपक्ष की रणनीति को लेकर सतर्क रहने को कहा गया। हालांकि, टीवीके ने बैठक के एजेंडे को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
स्टालिन का दावा- ज्यादा दिन नहीं चलेगी मौजूदा सरकार
डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता केएन नेहरू के परिवार में आयोजित विवाह समारोह के दौरान राज्य के राजनीतिक हालात पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज भी पार्टी के कई समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री और केएन नेहरू को मंत्री कहकर संबोधित करते हैं, जबकि फिलहाल दोनों के पास कोई सरकारी पद नहीं है।
स्टालिन ने समर्थकों से अपील की कि वे उन्हें मुख्यमंत्री कहकर न बुलाएं। उन्होंने कहा कि ऐसा सुनकर उन्हें दुख और शर्मिंदगी महसूस होती है। मौजूदा टीवीके सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि डीएमके बहुत जल्द दोबारा तमिलनाडु की सत्ता में लौटेगी।
विजय ने विधायकों के साथ बंद कमरे में की थी तीन घंटे चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्यमंत्री विजय ने 12 नवंबर को अपनी पार्टी के विधायकों के साथ करीब तीन घंटे तक बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने विधायकों से अलग-अलग बातचीत भी की। बताया गया कि 10 विधायकों के एक समूह के साथ विशेष रूप से चर्चा की गई थी।
बैठक में 13 नवंबर की तारीख को लेकर भी चर्चा हुई। एक विधायक के हवाले से आई रिपोर्ट में बताया गया कि 13 मई को हुए विश्वास मत के छह महीने पूरे होने के बाद विपक्ष दोबारा अविश्वास प्रस्ताव लाने की कोशिश कर सकता है। विधायकों को आशंका थी कि 13 नवंबर के बाद किसी भी समय सरकार के खिलाफ ऐसा कदम उठाया जा सकता है। हालांकि, विधानसभा में नए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
DMK और AIADMK पर विधायकों को अपने पाले में लाने की आशंका
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में विधायकों को संभावित दलबदल की कोशिशों को लेकर भी आगाह किया गया। बताया गया कि सरकार के पास ऐसी सूचनाएं हैं कि विपक्षी दल सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों और नेताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर सकते हैं।
इस सिलसिले में डीएमके और एआईएडीएमके की ओर से दिल्ली में राजनीतिक संपर्कों के जरिए प्रयास किए जाने की आशंका भी जताई गई। विजय ने विधायकों को सतर्क रहने और ऐसा कोई कदम नहीं उठाने की सलाह दी, जिससे उनका राजनीतिक भविष्य प्रभावित हो सकता है।

स्टालिन पहले भी जता चुके हैं विजय सरकार के जल्द गिरने की आशंका
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए गए थे। इसके बाद विजय के नेतृत्व में टीवीके ने सरकार बनाई। बहुमत के लिए कांग्रेस के अलावा वामपंथी दलों और कुछ अन्य सहयोगियों ने भी समर्थन दिया। सरकार को शुरुआती दौर में ही विधानसभा में विश्वास मत हासिल करना पड़ा था।
इससे पहले अक्टूबर में भी स्टालिन ने विजय सरकार की स्थिरता पर सवाल उठाए थे। उस समय उन्होंने कहा था कि पहले उन्हें उम्मीद थी कि यह सरकार छह महीने तक चल सकती है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अब इतने समय तक सरकार का टिकना भी मुश्किल लग रहा है।
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह में शामिल हुए विजय
तमिलनाडु में जारी सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री विजय सोमवार को दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन समारोह में हिस्सा लिया।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में टीवीके बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी थी। ऐसे में सरकार बनाने के लिए उसे कांग्रेस का समर्थन मिला। इसके अलावा वामपंथी दलों सहित कई अन्य राजनीतिक दल भी विजय सरकार के साथ हैं।
फिलहाल स्टालिन के सत्ता में वापसी के दावे और विजय की ओर से विधायकों के साथ की गई बैठक ने तमिलनाडु की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। हालांकि, डीएमके के दावे के बावजूद सरकार के सामने वास्तव में कोई बड़ा संकट है या नहीं, इसका पता आने वाले दिनों में विधानसभा के घटनाक्रम और राजनीतिक दलों के अगले कदमों से ही चलेगा।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
