Top Newsदेश

परिसीमन आयोग का खाका तैयार, सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या पूर्व जज संभालेंगे अध्यक्ष पद

नई दिल्ली: देश में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के नए सिरे से परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने तैयारी तेज कर दी है। 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित संसद के विशेष सत्र में सरकार ‘परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026’ और इससे जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पेश कर सकती है। केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद सार्वजनिक किए गए मसौदे में लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक समान वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है। इस पूरी कवायद का प्रमुख उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करना है।

प्रस्तावित विधेयकों के पारित होने के बाद केंद्र सरकार तीन सदस्यीय परिसीमन आयोग का गठन करेगी। आयोग देशभर में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करेगा। इसकी कमान सुप्रीम कोर्ट के किसी मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश को सौंपी जाएगी।

तीन सदस्यों वाला होगा परिसीमन आयोग

विधेयक के मसौदे के मुताबिक, परिसीमन आयोग में तीन मुख्य सदस्य होंगे और सभी फैसले बहुमत के आधार पर लिए जाएंगे। आयोग का कार्यकाल केंद्र सरकार अधिसूचना जारी कर तय करेगी। आवश्यकता पड़ने पर आयोग की सिफारिश पर इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकेगी।

आयोग के काम में सहयोग के लिए प्रत्येक राज्य से लोकसभा अध्यक्ष पांच सांसदों और संबंधित विधानसभा अध्यक्ष पांच विधायकों को नामित करेंगे। ये सदस्य आयोग की कार्यवाही में हिस्सा तो ले सकेंगे, लेकिन उन्हें मतदान का अधिकार नहीं होगा। उनकी असहमति को सार्वजनिक करने का प्रावधान भी रखा गया है। इसके अलावा आयोग जरूरत के अनुसार भारत के जनगणना आयुक्त, महासर्वेक्षक और नक्शा विशेषज्ञों की मदद ले सकेगा।

850 तक हो सकती है लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या

प्रस्तावित मसौदे में राज्यों की लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है। इसके लागू होने पर लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़कर 850 तक पहुंच सकती है।

निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं निर्धारित करते समय भौगोलिक परिस्थितियों, प्रशासनिक सीमाओं और संचार सुविधाओं को आधार बनाया जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह एक ही लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा हो। जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फिलहाल केवल एक लोकसभा सीट है, वहां एक ही निर्वाचन क्षेत्र बरकरार रहेगा।

महिला और एससी-एसटी आरक्षण का फैसला भी आयोग करेगा

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की संख्या और उनका निर्धारण परिसीमन आयोग करेगा। महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों में आयोग के फैसले के अनुसार बदलाव और रोटेशन किया जा सकेगा। वहीं, एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का रोटेशन संबंधित आरक्षित श्रेणी के निर्वाचन क्षेत्रों के भीतर ही होगा।

एससी के लिए सीटें तय करते समय उन क्षेत्रों में उनकी आबादी के अनुपात को ध्यान में रखा जाएगा, जहां उनकी जनसंख्या अपेक्षाकृत अधिक है। एसटी के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र उन इलाकों में निर्धारित किए जाएंगे, जहां उनकी आबादी का प्रतिशत सबसे ज्यादा होगा।

सिविल कोर्ट जैसी शक्तियों से लैस होगा आयोग

मसौदा विधेयक में परिसीमन आयोग को सिविल कोर्ट के समान अधिकार देने का प्रस्ताव है। इन शक्तियों के तहत आयोग गवाहों को समन जारी कर सकेगा और जरूरी दस्तावेजों के साथ सार्वजनिक अभिलेख भी तलब कर सकेगा।

अंतिम आदेश जारी करने से पहले आयोग प्रत्येक राज्य में परिसीमन से जुड़े मसौदा प्रस्ताव प्रकाशित करेगा। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों में जनसुनवाई भी आयोजित की जाएगी। आयोग के अंतिम आदेशों को कानूनी मान्यता मिलेगी और उन्हें अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी। निर्वाचन आयोग को केवल लिपिकीय गलतियां सुधारने का अधिकार होगा। वह निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव नहीं कर सकेगा।

जम्मू-कश्मीर के लिए अलग व्यवस्था का प्रस्ताव

विधेयक में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लिए विशेष प्रावधान भी शामिल किए गए हैं। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के मुताबिक, यदि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) भारत के नियंत्रण में आता है, तो वहां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण के लिए भारत का निर्वाचन आयोग ही परिसीमन आयोग के रूप में काम करेगा।

अधिकारी ने बताया कि संबंधित विधेयकों के पारित होने के बाद परिसीमन आयोग का गठन किया जाएगा। केंद्र सरकार की कोशिश है कि संविधान संशोधन विधेयक को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जरूरी राज्यों की मंजूरी भी मिल जाए। इससे 2029 के आम चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता तैयार हो सकेगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be